आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। हिमाचल प्रदेश के उप मुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने शिमला के ऐतिहासिक रिज मैदान पर आयोजित राष्ट्रीय संकल्प दिवस कार्यक्रम में शिरकत की। इस अवसर पर उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उपस्थित लोगों को राष्ट्रीय संकल्प दिवस की शपथ दिलाई। इस मौके पर मीडिया से बातचीत करते हुए उप मुख्यमंत्री ने कहा कि देश की पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि है। उन्होंने देश की एकता और अखंडता के लिए अपने प्राणों की आहुति दी। इंदिरा गांधी देशभक्ति की भावना से ओतप्रोत थीं और उन्होंने आतंकवाद के विरुद्ध दृढ़ता से आवाज उठाई, वे देश की पहली महिला प्रधानमंत्री थीं जिन्हें भारत रत्न से सम्मानित किया गया।
इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वर्गीय इंदिरा गांधी ने प्रधानमंत्री रहते हुए अनेक साहसिक निर्णय लिए और देश को परमाणु शक्ति संपन्न राष्ट्र बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। हिमाचलवासी उन्हें विशेष रूप से इसलिए भी याद करते हैं क्योंकि वर्ष 1971 में उन्होंने हिमाचल को पूर्ण राज्य का दर्जा प्रदान किया था। उप मुख्यमंत्री ने कहा कि विश्वभर में इंदिरा गांधी को ‘आयरन लेडी’ के नाम से जाना जाता है। मुकेश अग्निहोत्री ने इस अवसर पर सरदार वल्लभभाई पटेल की जयंती पर भी उन्हें नमन किया। उन्होंने बताया कि 1 से 15 नवंबर तक गुजरात में सरदार पटेल की स्मृति में एक कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है, जिसमें 4 नवंबर को हिमाचल प्रदेश को भी अपनी प्रस्तुति देने का अवसर मिलेगा। इस कार्यक्रम में प्रदेश के राज्यपाल, मुख्यमंत्री और विधानसभा अध्यक्ष को भी आमंत्रित किया गया है।
इस कार्यक्रम में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह, विधायक हरीश जनारथा, महापौर सुरेंद्र चौहान, उपमहापौर उमा कौशल, हिमाचल प्रदेश वन विकास निगम के उपाध्यक्ष केहर सिंह खाची, एपीएमसी अध्यक्ष देवानंद वर्मा, हिमफैड अध्यक्ष महेश्वर सिंह चौहान, नगर निगम पार्षदगण, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी और कांग्रेस कार्यकर्ता सहित बड़ी संख्या में लोग उपस्थित रहे और सभी ने इंदिरा गांधी की प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी।











