बेंगलुरू में 11वां राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ सम्मेलन का सफलतापूर्वक समापन

0
24

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

बेंगलुरू| कर्नाटक की राजधानी बेंगलुरू में तीन दिन तक चलने वाला 11वां राष्ट्रमण्डल संसदीय संघ भारत क्षेत्र सम्मेलन आज सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। इस समापन समारोह की अध्यक्षता कर्नाटक के राज्यपाल थावर चंद गहलोत ने की, जबकि लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे और उन्होंने सम्मेलन के उद्देश्यों पर अपने विचार व्यक्त किए। कर्नाटक विधान परिषद के सभापति बसवराज होराट्टी और विधान सभा अध्यक्ष यु0टी0 खादर फरीद ने सम्मेलन में भाग लेने वाले सभी सदस्यों, सचिवों और अतिथियों का धन्यवाद किया। उन्होंने कार्यक्रम की सफलता में योगदान देने वालों की सराहना की है।

इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि इस सम्मेलन में भारत की विधायी प्रक्रियाओं की गहन चर्चाएं हुईं, जिन्होंने लोकतांत्रिक संस्थाओं की विश्वसनीयता और जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के महत्व को रेखांकित किया। पठानियां और उपाध्यक्ष विनय कुमार ने बेंगलुरू टर्फ क्लब में आयोजित घुड़दौड़ और प्रदर्शनी कार्यक्रम में भी भाग लिया और आयोजकों को बधाई दी। उन्होंने बेंगलुरू को “भारत का उद्यान शहर” और “सिलिकॉन वैली” बताते हुए शहर के विज्ञान, प्रौद्योगिकी, सांस्कृतिक और ऐतिहासिक महत्व पर भी प्रकाश डाला है। उन्होंने मुख्यमंत्री सिद्दरमैया, उप-मुख्यमंत्री डी के शिवकुमार और विधान सभा अध्यक्ष यु0टी0 खादर फरीद को सम्मेलन के सफल आयोजन के लिए धन्यवाद दिया। पठानियां ने उम्मीद जताई कि सम्मेलन में उठाए गए मुद्दे राज्यों में विधायी संस्थाओं को मजबूत करने में सहायक होंगे। इस सम्मेलन के बाद पठानियां और उपाध्यक्ष विनय कुमार 14 सितंबर को प्रस्तावित पोस्ट कॉन्फ्रेंस टूर में भाग लेंगे और 15 सितंबर को बेंगलुरू से शिमला के लिए रवाना होंगे।