महान चित्रकार सरदार सोभा सिंह की 125वीं जयंती पर जारी होगा 125 रुपये का स्मारक सिक्का

0
5

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

शिमला। भारतीय कला एवं सांस्कृतिक विरासत के लिए गौरव का विषय है कि भारत सरकार महान चित्रकार सरदार सोभा सिंह की 125वीं जयंती के अवसर पर 125 रुपये का स्मारक सिक्का जारी करने जा रही है। इस संबंध में केंद्रीय वित्त मंत्रालय द्वारा 25 नवंबर 2026 को गजट अधिसूचना जारी कर दी गई है।

इस सम्मान के माध्यम से देश के महान चित्रकार सरदार सोभा सिंह की कलात्मक विरासत और भारतीय कला जगत में उनके अतुलनीय योगदान को राष्ट्रीय स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। उनकी पेंटिंग्स, जीवन दर्शन और कला साधना ने उन्हें भारतीय कला एवं संस्कृति के इतिहास में विशिष्ट पहचान दिलाई है।

29 नवंबर 1901 को पंजाब के हरगोबिंदपुर (गुरदासपुर) में जन्मे सरदार सोभा सिंह ने भारत विभाजन के बाद हिमाचल प्रदेश के पालमपुर के निकट अंदरेटा को अपनी कर्मभूमि बनाया। उन्होंने अपनी असाधारण चित्रकला के माध्यम से भारतीय कला जगत में विशेष स्थान हासिल किया। सिख गुरुओं, विशेषकर गुरु नानक देव जी और गुरु गोबिंद सिंह जी के उनके प्रसिद्ध चित्र आज सिख आध्यात्मिक विरासत के महत्वपूर्ण प्रतीक माने जाते हैं। इसके अतिरिक्त उन्होंने अनेक राष्ट्रीय नेताओं के चित्र बनाए और हीर-रांझा तथा सोहनी-महिवाल जैसी प्रसिद्ध पंजाबी प्रेम गाथाओं को अपनी कला के माध्यम से जीवंत स्वरूप प्रदान किया।

भारतीय कला के क्षेत्र में उनके उल्लेखनीय योगदान के लिए वर्ष 1983 में उन्हें पद्मश्री से सम्मानित किया गया था। हिमाचल प्रदेश के अंदरेटा स्थित सोभा सिंह आर्ट गैलरी में आज भी उनकी कलात्मक विरासत को संरक्षित रखा गया है।

यह पंजाब और हिमाचल प्रदेश दोनों के लिए गौरव का अवसर है कि इन क्षेत्रों से जुड़ी महान कला विभूति को भारत सरकार स्मारक सिक्के के माध्यम से सम्मानित करने जा रही है।

सिक्का संग्रहण एवं अध्ययन के क्षेत्र में प्रसिद्ध मुद्राशास्त्री सुधीर लुणावत ने बताया कि इस स्मारक सिक्के का निर्माण भारत सरकार की मुंबई टकसाल में किया जाएगा। उन्होंने बताया कि यह सिक्का सामान्य प्रचलन के लिए नहीं होगा, बल्कि सरदार सोभा सिंह के प्रशंसकों और देश-विदेश के सिक्का संग्रहकर्ताओं के लिए ऐतिहासिक धरोहर के रूप में महत्वपूर्ण होगा। उनके अनुसार 125 रुपये अंकित मूल्य वाले इस स्मारक सिक्के की अनुमानित कीमत लगभग 1,500 रुपये हो सकती है।

स्मारक सिक्के की तकनीकी विशेषताएं

सिक्का निकेल सिल्वर धातु से तैयार किया जाएगा, जिसमें 60 प्रतिशत तांबा, 20 प्रतिशत निकेल और 20 प्रतिशत जिंक शामिल होगा।

  • अंकित मूल्य: 125 रुपये
  • वजन: 32 ग्राम
  • व्यास: 44 मिलीमीटर
  • धातु: निकेल सिल्वर
  • किनारों पर धारियां: 200

सिक्के के दोनों ओर होगा विशेष डिजाइन

मुख भाग (Obverse): सिक्के के मुख भाग के मध्य में अशोक स्तंभ का सिंह शीर्ष अंकित होगा, जिसके नीचे ‘सत्यमेव जयते’ लिखा होगा। बाईं परिधि पर देवनागरी में ‘भारत’ तथा दाईं परिधि पर अंग्रेजी में ‘INDIA’ अंकित होगा। सिंह शीर्ष के नीचे रुपये का प्रतीक ₹ और अंतरराष्ट्रीय अंकों में 125 लिखा होगा।

पृष्ठ भाग (Reverse): सिक्के के पृष्ठ भाग के मध्य में महान चित्रकार सरदार सोभा सिंह का चित्र होगा। ऊपरी परिधि पर देवनागरी में ‘सोभा सिंह की 125वीं जयंती’ तथा ‘प्रकाश के साधक, मानवता के चित्रकार’ अंकित होगा। वहीं निचली परिधि पर अंग्रेजी में ‘125th Birth Anniversary of Sobha Singh’ तथा ‘Seeker of Light, Painter of Humanity’ लिखा होगा।

इसके अतिरिक्त चित्र के बाईं ओर रंगों की पट्टिका (Colour Palette) और पेंटिंग ब्रश दर्शाए जाएंगे। सिक्के पर 1901-2026 के वर्ष भी अंकित होंगे।

सरदार सोभा सिंह की 125वीं जयंती पर जारी होने वाला यह स्मारक सिक्का न केवल एक महान कलाकार के प्रति राष्ट्र की श्रद्धांजलि होगा, बल्कि आने वाली पीढ़ियों को उनकी कला, विचारधारा और सांस्कृतिक योगदान से परिचित करवाने वाली ऐतिहासिक धरोहर भी बनेगा।