शिमला: हिमाचल प्रदेश के मंडी के बाद अब आम आदमी पार्टी (AAP) कांगड़ा में रोड शो करेगी। AAP की बुधवार को दिल्ली में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। आप के प्रदेश प्रवक्ता गौरव शर्मा ने इसकी पुष्टि करते हुए बताया कि 23 अप्रैल को कांगड़ा में ऐतिहासिक रैली होगी। इसमें प्रदेशभर से आप नेता जुटेंगे।
हिमाचल का सबसे बड़ा कांगड़ा जिला राज्य की राजनीति की दशा व दिशा तय करता है। इसलिए अब AAP ने मंडी के बाद कांगड़ा को चुना है। इसके बाद पार्टी शिमला और हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में रोड शो कर सकती है। कांगड़ा में मंडी से भी विशाल रोड शो किया जाएगा।
हिमाचल के चुनाव प्रभारी सत्येंद्र जैन ने कहा कि हिमाचल में भी दिल्ली और पंजाब मॉडल पर चुनाव लड़ा जाएगा। AAP पार्टी हिमाचल की जनता को तीसरा सशक्त विकल्प देगी।
वहीं हिमाचल में पिछले एक सप्ताह से आम आदमी पार्टी के विकेट गिरा रही भाजपा को बुधवार को झटका लगा है। BJP के एससी मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य हरमेल धीमान ने बुधवार को दिल्ली में आम आदमी पार्टी का दामन थाम लिया।
कसौली से संबंध रखने वाले हरमेल धीमान भाजपा अनुसूचित जाति मोर्चा की राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य और प्रदेश SC मोर्चा के उपाध्यक्ष भी रह चुके हैं। धीमान को दिल्ली में हिमाचल के चुनाव प्रभारी सत्येंद्र जैन ने पार्टी की सदस्यता दिलाई है। इसे भाजपा को बड़े झटके के तौर पर देखा जा रहा है।