जंजहैली माता मंदिर लौटते समय 8 सदस्यीय परिवार भटका, SDRF ने सकुशल बचाया

0
10

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

मंडी। जंजहैली के शिकारी माता मंदिर से लौटते समय 8 सदस्यीय परिवार मार्ग भटक गया, जो आज सुबह टंग्राल नाला के पास सुरक्षित मिला। यह परिवार डडौर क्षेत्र का निवासी है और 23 अक्तूबर को शाम 7:30 बजे घने जंगल और धुंध के कारण रास्ता भटक गया था। इस घटना की जानकारी मिलते ही प्रशासन सक्रिय हो गया और रात 11 बजे SDRF की टीम जंजहैली के लिए रवाना हुई और सुबह लगभग 6:30 बजे सभी परिवारजन सुरक्षित पाए गए। एसडीएम थुनाग मनु वर्मा पूरी रात स्थल पर मौजूद रहीं और बचाव कार्य की निगरानी करती रहीं।

इस दौरान पुलिस, राजस्व विभाग, होम गार्ड, दमकल और स्थानीय स्वयंसेवकों की टीमों ने समन्वय से कठिन परिस्थितियों में खोज-बचाव अभियान सफलतापूर्वक पूरा किया। इस परिवार में सेवानिवृत्त प्रधानाचार्य राजेंद्र कुमार सहित कुल 8 सदस्य थे और उनके साथ उनकी पूर्व विद्यार्थी जंजहैली की आरती भी मौजूद थी। उपप्रधान भीम सिंह ने पुलिस को सूचना दी, जिसके बाद तीन अलग-अलग खोज दल तैनात किए गए। प्रारंभिक प्रयासों में सफलता न मिलने पर जिला आपातकालीन संचालन केंद्र, मंडी के माध्यम से SDRF को बुलाया गया, अंततः प्रशासन और पुलिस की संयुक्त कार्रवाई से सभी सदस्य सुरक्षित अपने घर लौट आए।