आदर्श हिमाचल ब्यूरो
शिमला। प्रदेश कांग्रेस संगठन महामंत्री रजनीश किमटा ने पार्टी पदाधिकारियों से जिसे जो भी दायित्व दिया गया है उसे पूरी निष्ठा व ईमानदारी से पूरा करने को कहा है। उन्होंने पार्टी नेताओं व पदाधिकारियों से भाजपा के किसी भी षड्यंत्र पर कड़ी नज़र रखने को कहा है। उन्होंने कहा कि पार्टी का कोई भी व्यक्ति अगर इस षड्यंत्र का दोषी पाया जाता है तो उसे पार्टी में सहन नही किया जाएगा। उन्होंने कहा है कि पार्टी ने जिसे भी चुनाव लड़ने का टिकट दिया है उसकी जीत के लिये सभी को एकजुटता से कार्य करना होगा।
किमटा ने कहा है कि पार्टी के भीतर किसी भी प्रकार की अनुशासनहीनता बर्दाश्त नही होगी। सगंठन सर्वोपरि है और उसके निर्णय अंतिम व सभी को बाध्य है। किमटा ने कहा है कि शिमला संसदीय क्षेत्र से इस बार पार्टी के प्रत्याशी विनोद सुल्तानपुरी रिकार्ड मतों से जीत हासिल करेंगे। उन्होंने कहा है कि उनके विधानसभा क्षेत्र से विनोद सुल्तानपुरी को रिकार्ड तोड़ मत प्राप्त होंगे। उन्होंने कहा कि इसके लिए पूरा रोडमैप बना दिया गया है। उन्होंने कहा की जल्द ही चौपाल क्षेत्र में मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू की बड़ी जनसभाएं करवाई जायेगी।
उन्होंने कहा कि खुद विनोद सुल्तानपुरी 29 व 30 अप्रैल को इस क्षेत्र में लोगों से मिलकर वोट मांगेंगे।उन्होंने कहा कि चौपाल ब्लॉक में पार्टी के सभी पदाधिकारियों व कार्यकर्ताओं को सभी बूथों का कार्य सौंप दिया गया है। उन्होंने कहा कि खुद भी वह अपने इस चुनाव क्षेत्र में जनसंपर्क जारी रखे हुए है। उन्होंने कहा है कि चौपाल क्षेत्र से विनोद सुल्तानपुरी को भारी लीड देकर लोकसभा में भेजा जाएगा।