कांग्रेस उम्मीदवार पुष्पिंदर वर्मा की नामांकन रैली में शामिल हुए ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू, मांगा जनसमर्थन
आदर्श हिमाचल ब्यूरो
हमीरपुर। मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर सरकार बनाने के सपने लेना छोड़ दें। हमारे पास 38 विधायक हैं। हाईकोर्ट में चल रहे सीपीएस के मामले को लेकर जयराम लोगों को बहका रहे हैं। जयराम को अपने नौ विधायकों की चिंता करनी चाहिए, जिनके खिलाफ विधानसभा अध्यक्ष के पास याचिका लंबित है। भाजपा के नौ विधायकों ने बीते बजट सत्र के दौरान विधानसभा में गुंडागर्दी का नंगा नाच किया था, स्पीकर के सामने सदन पटल पर रखे कागजात को फाड़कर हवा में लहराया था। राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी की ओर से दी गई याचिका पर स्पीकर को फैसला लेना है। कांग्रेस विधायक दल ने इस मामले में जल्दी फैसला लेने का आग्रह किया है। अगर ये नौ विधायक अयोग्य घोषित हुए तो दोबारा चुनाव में एक-दो ही गलती से जीतकर आएंगे। जिससे कांग्रेस विधायकों की संख्या 50 तक पहुंच सकती है।
उन्होंने कहा कि वह जनता की संपदा को लुटने नहीं देंगे। भ्रष्टाचार के हर चोर दरवाजे को बंद किया जाएगा। हमीरपुर में हमने पुष्पिंदर वर्मा को ईमानदार उम्मीदवार के तौर पर चुनाव मैदान में उतारा है। उसे जिताकर विधानसभा भेजें जो भी काम वह बताएंगे उन्हें किया जाएगा। हिमाचल प्रदेश की जनता का आभारी हूं जिसने बीते चुनाव में लोकतंत्र को जीवित किया। पूर्व मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने ऑपरेशन लोटस के जरिये सरकार को गिराने की कोई कसर नहीं छोड़ी, लेकिन जनता के आशीर्वाद से यह सरकार चल रही है। छह बिकाऊ पूर्व विधायक अपने कामों के लिए ब्लैकमेल करते थे, उन्होंने लोगों की समस्याओं को कभी नहीं उठाया। बीते उपचुनाव में उनमें से 4 को जनता ने घर बिठा दिया है। अब तीन उपचुनाव हो रहे हैं, फिर से जनता को इन तीनों निर्दलीय विधायकों को घर बिठाने का काम करना है। हमीरपुर की जनता यहां के बिकाऊ पूर्व विधायक को सबक सिखाए।
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने कहा कि यह भगवान का दिया मौका है कि पुष्पिंदर वर्मा ने विधानसभा पहुंचना था। हमीरपुर के लोगों को साबित करना है कि वह मुख्यमंत्री के साथ हैं। हमीरपुर के मुख्यमंत्री को हटाने के लिए पता नहीं क्यों यहां के नेता सक्रिय हो जाते हैं। पहले प्रेम कुमार धूमल को हटाने की साजिश रची गई, अब सुखविंदर सिंह सुक्खू को हटाने व सरकार गिराने का षड्यंत्र रचा गया। हमीरपुर की जीत से यह संदेश पूरे हिमाचल प्रदेश में जाएगा कि मुख्यमंत्री के खिलाफ साजिश रचने वालों को जनता ने कड़ा सबक सिखाया है। सुक्खू सरकार स्थिर है, हमारे विधायक 34 से 38 हो चुके हैं। हमीरपुर में 60 करोड़ से बस अड्डा बन रहा है, 2000 करोड़ रुपये की पेयजल योजनाएं बनाई जा रही हैं। अगर मुख्यमंत्री हमीरपुर से नहीं होते तो किसी ने ये विकास कार्य नहीं कराने थे। अपने जिला के मुख्यमंत्री को जनता मजबूत करे।











