आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला: । समीप होटल डयूसिट में संयुक्त संसदीय समिति द्वारा एक राष्ट्र एक चुनाव विषय पर आयोजित बैठक में अपना विचार रखने के लिए विशेष रूप से आमंत्रित विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि “एक राष्ट्र एक चुनाव” की संविधान में पहले से ही व्यवस्था की गई है लेकिन बीच में कई सरकारें विश्वास मत खोने तथा अल्प मत में आने से चुनावों के कार्यक्रम में फेरबदल हुआ है जिससे लोक सभा तथा विधान सभाओं के चुनाव एक साथ नहीं हो सके हैं। पठानियां ने कहा कि अब केन्द्र सरकार ने एक राष्ट्र एक चुनाव हेतु संविधान (एक सौ उन्तीसवाँ संशोधन) विधेयक, 2024 और संघ राज्य क्षेत्र कानून (संशोधन) विधेयक, 2024 के लिए 41 सदस्यीय संयुक्त संसदीय समिति का गठन किया है जो सभी राज्यों में जाकर वहाँ के मुख्यमंत्री, विधान सभा अध्यक्ष, उपाध्यक्ष तथा नेता प्रतिपक्ष का मत जानकार उसे सदन में प्रस्तुत करेंगी तथा तदानुरूप देश में एक राष्ट्र एक चुनाव को लागू करने का मार्ग प्रशस्त होगा।
पठानियां ने कहा कि प्रजातांत्रिक प्रणाली में जनता जनार्दन सर्वोपरि है। संविधान में विधान पालिका, कार्यपालिका तथा न्यायपालिका का प्रावधान किया गया है जो प्रजातांत्रिक प्रणाली के मूल तंत्र हैं फिर भी जनता ही सर्वोपरि है।
उन्होने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव लागू होने से विधान मण्डलों का कार्यकाल कम होगा जो मूल व्यवस्था के अनुरूप नहीं होगा। क्या यह संवैधानिक संशोधन उस व्यवस्था को भी ठीक करेगा या नहीं यह मूल प्रश्न है। पठानियां ने कहा कि यह 129वाँ संवैधानिक संशोधन भी कहीं न कहीं संसद की शक्तियों पर अंकुश लगाने का प्रयास है जिस पर भी व्यापक चर्चा करने की आवश्यकता है।
पठानियां ने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव स्वागत योग्य पहल है लेकिन इसे लागू करने के लिए और भी कारगर प्रशासनिक कदम उठाए जाने की आवश्यकता है। पठानियां ने कहा कि एक राष्ट्र एक चुनाव का लागू होना व्यापक राष्ट्र व जनहित में होगा जिससे चुनाव पर अनावश्यक खर्च नहीं होगा।
इस अवसर पर विधान सभा उपाध्यक्ष विनय कुमार तथा नेता प्रतिपक्ष जय राम ठाकुर भी मौजूद थे जिन्होने संवाद के दौरान विधान सभा अध्यक्ष के मत से सहमति जताते हुए कहा कि उनका भी यही मत है। संवाद के दौरान समिति सदस्य अनुराग ठाकुर द्वारा विधान सभा अध्यक्ष से दल बदल कानून में संशोधन बारे पूछे सवाल का जवाब देते हुए पठानियां ने कहा कि दल बदल कानून प्रजातांत्रिक प्रणाली के व्यापक हित में है जिसे और भी कठोर बनाना चाहिए।
पठानियां ने कहा कि कोई भी सदस्य अगर इसकी अवहेलना करता है उसे अगले 6 वर्षों तक चुनाव लड़ने के अयोग्य घोषित करना चाहिए। बैठक के दौरान समिति अध्यक्ष श्री पी0सी0 चौधरी ने गुलदस्ता भेंट कर विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां को सम्मानित किया। बैठक में संयुक्त समिति सदस्यों ने विधान सभा अध्यक्ष से संसदीय प्रणाली पर कई प्रश्न पूछे जिसका उन्होने सिलसिलेवार जवाब दिया।
बैठक में संयुक्त संसदीय समिति के चेयरमैन पी0 सी0 चौधरी के अतिरिक्त समिति सदस्य एवं सांसद अनुराग ठाकुर, सांसद बांसुरी स्वराज, डॉ0 संजय जसवाल, सुखदेव भगत, छोटेलाल, कल्याण बनर्जी, टी0 एम0 सेवागणपति, शांभवी, चंदन चौहान, भुवनेश्वर कलिता, कविता पाटीदार, पी0 विल्सन, और विजय कुमार हंसदक शामिल थे।