आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। आकलैंड हाउस गर्ल्स स्कूल, शिमला की छात्राओं ने अद्वितीय खेल भावना और टीम वर्क का प्रदर्शन करते हुए आदर्श स्कूल करनाल में आयोजित सीआईएससीई उत्तर क्षेत्र वॉलीबॉल प्रतियोगिता में अंडर-19 वर्ग में रजत पदक जीतकर हिमाचल प्रदेश का नाम रोशन किया। इस प्रतियोगिता में देशभर की प्रमुख टीमों के बीच मुकाबला हुआ, जहां आकलैंड की बेटियों ने एनसीआर दिल्ली और लुधियाना जैसी मजबूत टीमों को सीधे सेटों में 2-0 से हराया।
अंडर-17 वर्ग में भी स्कूल की टीम ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए चौथा स्थान हासिल किया, जो स्कूल की खेल प्रतिभा की गहराई को दर्शाता है।
सबसे गौरवपूर्ण क्षण तब आया जब अंडर-19 वर्ग की चार खिलाड़ियों का चयन सीआईएससीई उत्तर क्षेत्र की टीम में राष्ट्रीय वॉलीबॉल चैंपियनशिप के लिए हुआ।
चयनित छात्राएं हैं:
वत्सला सेवाग
हिमालिका शर्मा
पूर्वा कश्यप
वर्षा ठाकुर
स्कूल की प्रधानाचार्या श्रीमती स्मारकी सामंथरॉय ने छात्राओं और प्रशिक्षकों को इस उपलब्धि पर बधाई देते हुए कहा, “यह उपलब्धि आकलैंड की अनुशासन, समर्पण और खेल भावना की परिचायक है। हमें अपनी बेटियों पर गर्व है।”
यह जीत न केवल आकलैंड हाउस स्कूल की शैक्षणिक व सह-पाठयक्रम उत्कृष्टता को प्रमाणित करती है, बल्कि हिमाचल प्रदेश की राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर बढ़ती पहचान को भी सुदृढ़ करती है।