भाजपा की प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक कार्यशाला सम्पन्न, 2027 में दो-तिहाई बहुमत से सरकार बनाने का लिया संकल्प

0
28

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

ऊना| भारतीय जनता पार्टी हिमाचल प्रदेश की प्रदेश स्तरीय संगठनात्मक कार्यशाला का आयोजन जिला कार्यालय ऊना में किया गया। इस कार्यशाला की अध्यक्षता भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने की। इस कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह, प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा, सह प्रभारी संजय टंडन, नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर, पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर, संगठन महामंत्री सिद्धार्थन, महामंत्री डॉ. सिकंदर कुमार, संजीव कटवाल और पायल वैद्य सहित पार्टी के शीर्ष नेतृत्व ने भाग लिया।

इस कार्यशाला में पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने प्रदेश सरकार पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि कांग्रेस की वर्तमान सरकार आपदा सरकार बनकर उभरी है। उन्होंने आरोप लगाया कि आपदा के समय भाई-भतीजावाद को बढ़ावा दिया गया, दो हजार से अधिक संस्थाएं बंद कर दी गईं और युवाओं को पशु मित्र जैसे अस्थायी पदों से ठगा गया। अनुराग ठाकुर ने कहा कि जहां सरकार ने 58 साल की पक्की नौकरी का वादा किया था, वहां अब तक केवल 30,000 कच्ची नौकरियां ही दी गई हैं।

भाजपा मीडिया प्रभारी रणधीर शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि कार्यशाला के पहले सत्र में प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने पिछली कार्यकारिणी द्वारा किए गए कार्यों की समीक्षा की। उन्होंने सेवा पखवाड़ा, तिरंगा यात्रा और सेवा सुशासन एवं गरीब कल्याण महा अभियान जैसे अभियानों की जानकारी दी। डॉ. बिंदल ने कहा कि लोकसभा चुनावों में भाजपा ने चारों सीटों पर जीत हासिल की और 68 में से 61 विधानसभा क्षेत्रों में बढ़त बनाई। उन्होंने 2027 के विधानसभा चुनाव में दो-तिहाई बहुमत से सत्ता में वापसी का संकल्प भी दोहराया। कार्यशाला में नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कार्यकर्ताओं से पंचायती राज एवं नगर निकाय चुनावों के लिए तैयार रहने का आह्वान किया। उन्होंने संगठन को मजबूत करते हुए “राष्ट्र प्रथम” के भाव के साथ कार्य करने की अपील की।

इस अवसर पर भाजपा के सेवा पखवाड़ा अभियान (17 सितंबर से 2 अक्टूबर) की रूपरेखा भी प्रस्तुत की गई। इस अभियान के संयोजक प्रदेश महामंत्री संजीव कटवाल होंगे, जबकि सह संयोजकों में सुमित शर्मा, अमित ठाकुर, तिलक राज और डॉ. संजय शामिल होंगे। वहीं, राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के शताब्दी वर्ष समारोह की प्रदेश स्तरीय जिम्मेदारी उपाध्यक्ष बिहारी लाल शर्मा को सौंपी गई है और प्रदेश प्रभारी श्रीकांत शर्मा ने जनप्रतिनिधियों से समन्वय और योजनाओं के क्रियान्वयन पर चर्चा की, वहीं सह प्रभारी संजय टंडन ने सोशल मीडिया प्रबंधन पर कार्यकर्ताओं को मार्गदर्शन दिया। समापन सत्र में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष सौदान सिंह ने प्रश्नोत्तर के माध्यम से कार्यशाला का समापन किया। इस बैठक में प्रदेश के सभी नवनियुक्त पदाधिकारी, 17 जिला अध्यक्ष व 171 मंडल अध्यक्ष मौजूद रहे।