सुंदरनगर होस्टल और एमएलएसएम सुंदरनगर की टीमों ने जीता हॉकी खिताब

0
100

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

मंडी| राष्ट्रीय खेल दिवस के अवसर पर पड्डल मैदान में आयोजित जिला स्तरीय हॉकी प्रतियोगिता का आयोजन सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। लड़कों के वर्ग में सुंदरनगर होस्टल की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए आईआईटी मंडी को 4-0 से हराकर खिताब जीता। वहीं, लड़कियों के वर्ग में एमएलएसएम सुंदरनगर की टीम ने राजकीय कन्या वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला मंडी को 2-0 से हराकर विजेता बनने का गौरव प्राप्त किया। इस प्रतियोगिता में बल्लभ डिग्री कॉलेज की छात्राओं ने भी हिस्सा लिया और प्रतियोगिता की शुरुआत 29 अगस्त से हुई थी, और इसका समापन 31 अगस्त तक राष्ट्रीय खेल दिवस के उत्सव के रूप में पड्डल मैदान पर किया जाएगा। पहले दिन हॉकी प्रतियोगिता में 8 टीमों के 120 से अधिक खिलाड़ियों ने अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।

इस दौरान उपायुक्त मंडी, अपूर्व देवगन ने विजेता और उपविजेता टीमों को ट्रॉफी और मेडल भेंट कर सम्मानित किया, और उन्होंने राष्ट्रीय खेल दिवस की शुभकामनाएं दी और कहा कि मेजर ध्यानचंद का योगदान भारतीय खेलों के इतिहास में अमिट रहेगा। उपायुक्त ने यह भी कहा कि मेजर ध्यानचंद ने अपने खेल कौशल से न केवल भारत को पहचान दिलाई, बल्कि यह भी दर्शाया कि खेल अनुशासन, टीमवर्क और देशभक्ति का प्रतीक होते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि खेल शारीरिक और मानसिक स्वास्थ्य को सुदृढ़ करने के साथ युवाओं में आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच विकसित करते हैं, जिससे वे नशे जैसी नकारात्मक आदतों से दूर रहते हैं। इसी के साथ ही 30 अगस्त को महिलाओं की रस्साकसी प्रतियोगिता और 31 अगस्त को साइकिल प्रतियोगिता का आयोजन किया जाएगा।