रक्कड़ का बाग में आत्मा परियोजना के अंतर्गत किसान संगोष्ठी का आयोजन

0
13

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

धर्मशाला| कृषि विभाग के तत्वावधान में कृषि प्रौद्योगिकी प्रबंधन अभिकरण परियोजना के अंतर्गत रक्कड़ का बाग में एक दिवसीय किसान संगोष्ठी का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उप मुख्य सचेतक एवं शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक केवल सिंह पठानिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।इस दौरान विधायक पठानिया ने अपने संबोधन में कहा कि हिमाचल प्रदेश सरकार किसानों की समृद्धि, स्वस्थ मिट्टी, शुद्ध उत्पाद और जलवायु अनुकूलन की दिशा में उल्लेखनीय कदम उठा रही है। उन्होंने बताया कि प्राकृतिक खेती खुशहाल किसान योजना, राष्ट्रीय प्राकृतिक खेती मिशन और आतमा परियोजना के माध्यम से प्रदेश के किसान प्राकृतिक खेती की ओर अग्रसर हो रहे हैं।

इसी तरह उन्होंने कहा कि हिमाचल सरकार ने देश में पहली बार प्राकृतिक खेती से उत्पादित अनाजों व उत्पादों के लिए न्यूनतम समर्थन मूल्य (MSP) घोषित किया है। इसके तहत प्राकृतिक गेहूं पर ₹60/किग्रा, मक्की पर ₹40/किग्रा, जौ पर ₹60/किग्रा और कच्ची हल्दी पर ₹90/किग्रा MSP निर्धारित किया गया है। इस निर्णय से न केवल किसानों को आर्थिक सुरक्षा मिलेगी, बल्कि उपभोक्ताओं को शुद्ध व स्वास्थ्यवर्धक उत्पाद उपलब्ध होंगे। विधायक पठानिया ने कहा कि सरकार का यह प्रयास कृषि क्षेत्र को आत्मनिर्भर बनाने, लागत घटाने और लाभ बढ़ाने के साथ साथ पर्यावरण संरक्षण और स्वास्थ्य सुरक्षा के क्षेत्र में मील का पत्थर साबित होगा। उन्होंने किसानों से आह्वान किया कि वे कृषि के साथ साथ बागवानी, डेयरी, पशुपालन और मत्स्य पालन को भी अपनाकर आय के स्रोत बढ़ाएं। इस अवसर पर उन्होंने जानकारी दी कि उन्होंने हाल ही में नई दिल्ली में केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह से भेंट कर राज्य से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की है और शाहपुर के शहीद सूबेदार पवन सिंह जरियाल की स्मृति में एक युद्ध स्मारक निर्माण की भी मांग की है।

इस अवसर पर उन्होंने रक्कड़ का बाग क्षेत्र में शीघ्र दो हैंडपंप स्थापित करने व पंचायत के मुख्य मार्ग के निर्माण को एक माह के भीतर पूर्ण करने की घोषणा की। इस कार्यक्रम में उन्होंने किसानों को फलदार पौधे वितरित किए तथा मुख्यमंत्री सुख आश्रय योजना के तहत ₹34 लाख के चेक वितरित किए, इनमें 10 लाभार्थियों को गृह निर्माण हेतु ₹3-3 लाख और 2 युवाओं को विवाह अनुदान हेतु ₹2-2 लाख के चेक प्रदान किए गए और साथ ही, 5 स्कूलों के 118 बच्चों को स्कूल बैग वितरित किए गए। महिला मंडलों को ₹11-11 हजार की अनुदान राशि भी दी गई। कृषि विभाग के अतिरिक्त निदेशक डॉ. राहुल कटोच ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए विभाग की विभिन्न योजनाओं जैसे उन्नत कृषि तकनीक, जैविक खेती, फसल विविधीकरण, जल संरक्षण, मृदा स्वास्थ्य प्रबंधन, कृषि यंत्रीकरण, फसल बीमा और फल-सब्जी प्रोत्साहन योजनाओं की जानकारी दी। संगोष्ठी के दौरान प्राकृतिक कृषि उत्पादों की प्रदर्शनी भी लगाई गई, जिसमें बड़ी संख्या में किसानों, पंचायत प्रतिनिधियों और स्थानीय लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर विधायक की पत्नी सुगंधा पठानिया विशेष रूप से मौजूद रहीं।

इस कार्यक्रम में रक्कड़-का-बाग पंचायत के उप प्रधान सुरेंद्र सिंह जमवाल ने मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में ₹21,000 का चेक भेंट किया। इस अवसर पर आतमा परियोजना की उप परियोजना निदेशक डॉ. विशाखा पॉल, जल शक्ति विभाग के अधिशासी अभियंता अमित डोगरा, विद्युत विभाग के अधिशासी अभियंता आशिष, लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता बलवीत, प्रारंभिक शिक्षा उप निदेशक अजय सम्याल, बीएमओ कविता ठाकुर, सीडीपीओ निर्मला चौहान सहित कई गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे है।