निफ्ट स्नातक अक्षिता शर्मा ने मुख्यमंत्री को कलाकृति भेंट की

0
14

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला| निफ्ट दिल्ली की स्नातक अक्षिता शर्मा ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू को एक अनोखी कलाकृति भेंट की, जिसमें स्पीति और लाहौल की पारंपरिक कला और संस्कृति को दर्शाया गया है। इस कलाकृति में हिमालयी आभूषणों में प्रयुक्त एगेट और जैस्पर पत्थरों का उपयोग किया गया है, जो स्थानीय सांस्कृतिक प्रतीकों का प्रतिनिधित्व करते हैं। मुख्यमंत्री ने अक्षिता के प्रयासों की सराहना करते हुए उन्हें पुरातन शिल्प को पुनर्जीवित करने, सांस्कृतिक प्रदर्शनों का आयोजन करने और हिमाचल की परंपराओं पर आधारित नई उत्पाद श्रृंखलाएं विकसित करने के लिए बधाई दी।

निफ्ट दिल्ली से 2016 में स्नातक अक्षिता शर्मा डिजाइनर और रचनात्मक सलाहकार हैं, जो शिल्प, संस्कृति और समकालीन डिजाइन के मेल पर कार्य करती हैं। पिछले पांच वर्षों में उन्होंने हिमाचल प्रदेश के कारीगर समूहों और सरकारी संस्थाओं के साथ मिलकर काम किया है। गाडागुशैनी में भांग से बने पुल्ला शिल्प को पुनर्जीवित करने से लेकर प्रधानमंत्री, भारत के राष्ट्रपति और आध्यात्मिक गुरु सद्गुरु के लिए उपहार बनाने तक अक्षिता ने हिमाचल की विरासत को आधुनिक संदर्भों में प्रस्तुत किया है। उन्होंने नई दिल्ली में आयोजित जी-20 शिखर सम्मेलन में भी राज्य का प्रतिनिधित्व किया, अक्षिता का उद्देश्य शिल्प को हिमाचल की रोजमर्रा की जिंदगी का एक जीवंत हिस्सा बनाना है।