भाजपा में शामिल हुए कांग्रेस के कुशल जेठी, कांग्रेस में असंतोष की लहर

0
15

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

सोलन| सोलन में हिमाचल की राजनीति को झटका देते हुए कांग्रेस के वरिष्ठ नेता कुशल जेठी ने भारतीय जनता पार्टी का दामन थाम लिया है। भाजपा प्रदेश अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने एक प्रेस वार्ता के दौरान उन्हें पार्टी में विधिवत रूप से शामिल कराया। इस मौके पर भाजपा कार्यकर्ताओं ने जेठी का गर्मजोशी से स्वागत किया। भाजपा में शामिल होने के बाद कुशल जेठी ने कांग्रेस पर तीखा हमला बोलते हुए कहा कि प्रदेश में कांग्रेस पार्टी का तीन साल का कार्यकाल पूरी तरह विफल रहा है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस में ना तो संगठनात्मक ढांचा बचा है, ना ही प्रदेश, जिला या ब्लॉक स्तर पर कोई सक्रियता दिखाई दे रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि सोलन से कांग्रेस के स्वास्थ्य मंत्री तो कार्यकर्ताओं से मिलते तक नहीं, ऐसे में पार्टी से संवाद स्थापित करना संभव नहीं है।

इस दौरान जेठी ने कहा कि, मैं सेवा भाव लेकर राजनीति में आया हूं और भाजपा ही एकमात्र ऐसा राजनीतिक दल है जो वास्तव में सेवा करता है। इस मौके पर प्रदेश भाजपा अध्यक्ष डॉ. राजीव बिंदल ने कांग्रेस पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि जब प्रदेश तीन बड़ी आपदाओं मंडी, कुल्लू और चम्बा से जूझ रहा था, तब भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी स्वयं प्रदेश में पहुंचे। भाजपा के सात केंद्रीय मंत्री आज भी फील्ड में सक्रिय हैं, जबकि कांग्रेस पूरी तरह से मैदान से गायब है।

डॉ. बिंदल ने जानकारी दी कि अब तक भाजपा 18,000 राहत किट आपदाग्रस्त क्षेत्रों में भेज चुकी है, जिसमें एक महीने का राशन, तिरपाल, बाल्टी, मग आदि शामिल हैं। उन्होंने बताया कि चम्बा जिले के लिए आज रात तक 4,800 राहत किट और 22 ट्रक राहत सामग्री पहुंचाई जाएगी। इससे पहले 16 ट्रक राहत सामग्री पहले ही वहां पहुंच चुकी है। उन्होंने यह भी कहा कि कल राज्यपाल चम्बा को एक बड़ी राहत खेप सौंपने जा रहे हैं। बिंदल ने दावा किया कि आपदा के 24 घंटे के भीतर भाजपा कार्यकर्ता फील्ड में सक्रिय हो गए थे, जबकि कांग्रेस नेता अब तक नदारद हैं।