पठानियां बाढ़ प्रभावितों से मिलकर करेंगे राहत कार्यों का निरीक्षण

0
17

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

चंडीगढ़| हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां अपने 69वें जन्मदिन पर किसी भी प्रकार का समारोह आयोजित नहीं करेंगे। पठानियां ने अपने शुभचिंतकों और प्रशंसकों को पहले ही इस बात की जानकारी दे दी है। विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि वे इस दिन आपदा प्रभावितों से मुलाकात करेंगे, उनका दुख दर्द साझा करेंगे और जिला प्रशासन के साथ मिलकर तुरंत राहत कार्यों और आवश्यक सुविधाओं के प्रबंध का निर्देश देंगे।

कुलदीप सिंह पठानियां हाल ही में बेंगलुरू में आयोजित तीन दिवसीय राष्ट्रमंडल संसदीय संघ सम्मेलन में भाग लेने के बाद 15 सितंबर की शाम को चंडीगढ़ लौटे। इसके बाद वे सीधे अपने निर्वाचन क्षेत्र और जिला चंबा के दौरे पर निकल गए हैं, जहां वे 18 सितंबर तक रहेंगे। इस दौरान उनका बाढ़ प्रभावितों से मिलने और जिला प्रशासन के साथ आपदा प्रबंधन की समीक्षा बैठक करने का कार्यक्रम है। इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि हिमाचल सरकार पूरी संवेदनशीलता के साथ बाढ़ प्रभावितों की मदद के लिए प्रतिबद्ध है। प्रदेश को आपदा प्रभावित राज्य घोषित कर, सरकार ने नई गाइडलाइंस के तहत प्रभावितों को अधिकतम आर्थिक सहायता प्रदान करने का निर्णय लिया है, पठानियां के 18 सितंबर के बाद के कार्यक्रमों की जानकारी बाद में दी जाएगी।