आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा है कि महिलाएं समाज के हर क्षेत्र में अपनी मेहनत, लगन और दृढ़ संकल्प से नई ऊंचाइयों को छू रही हैं और सकारात्मक बदलाव की दिशा में महत्त्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं। मुख्यमंत्री ने सोमवार को दैनिक समाचार पत्र हिमाचल दस्तक द्वारा आयोजित ‘नारी तू नारायणी’ सीजन 4 कार्यक्रम को संबोधित कर रहे थे। मुख्यमंत्री ने कहा कि एक समय था जब महिलाओं को केवल घरेलू कार्यों तक सीमित रखा गया था, लेकिन समय के साथ उनके सामाजिक और आर्थिक स्थान में व्यापक परिवर्तन आया है और प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण के लिए कई महत्त्वाकांक्षी योजनाएं चला रही है, जिनमें मुख्यमंत्री विधवा एवं एकल नारी आवास योजना और विधवा पुनर्विवाह योजना जैसी योजनाएं शामिल हैं। उन्होंने बताया कि अब विधवा पुनर्विवाह प्रोत्साहन राशि को बढ़ाकर ₹2 लाख कर दिया गया है।
इस दौरान कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने अलग-अलग जिलों से चयनित 12 महिलाओं को ‘नारी तू नारायणी’ अवार्ड से सम्मानित किया। ये महिलाएं अपने-अपने क्षेत्रों में प्रेरणादायक कार्य कर समाज के लिए मिसाल बनी हैं। इनमें चंबा की कमला देवी, बिलासपुर की मलभरू देवी, मंडी की कमला देवी, किन्नौर की स्मृतिका नेगी, सोलन की दासी देवी, शिमला की कल्पना संघाइक, सिरमौर की आशा तोमर, हमीरपुर की शीतल वर्मा, कांगड़ा की संतोष कुमारी, लाहौल-स्पीति की अनिता नलवा, ऊना की सुषमा शर्मा तथा कुल्लू की नैंसी देवी शामिल हैं। मुख्यमंत्री ने इन सभी को राज्य सरकार की ओर से ₹51,000 की सम्मान राशि देने की घोषणा भी की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने इंजीनियरिंग क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले 12 अभियंताओं को ‘द इंजीनियरिंग आइकॉन ऑफ हिमाचल’ तथा ‘सिविल एक्सीलेंसी अवार्ड-2025’ से नवाजा और सम्मान पाने वालों में कुल्लू, मंडी, कांगड़ा, बिलासपुर, हमीरपुर, सिरमौर, लाहौल-स्पीति, चंबा, सोलन, ऊना, शिमला और किन्नौर जिलों के अभियंता शामिल रहे।
मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम के दौरान हिमाचल दस्तक की पर्यावरण आधारित विशेष स्मारिका ‘ग्रीन हिमाचल’ का भी विमोचन किया। इस मौके पर शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी, विधायक सुदर्शन बबलू और अनुराधा राणा सहित मुख्यमंत्री के प्रमुख सलाहकार, वरिष्ठ प्रशासनिक अधिकारी, हिमाचल दस्तक के पदाधिकारी और अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे है।