आदर्श हिमाचल ब्यूरों
सोलन। 21वें हिमाचल उत्सव की दूसरी सांस्कृतिक संध्या सुरों और नृत्यों की झूमती छटा से रंगी रही। हिमाचली जोड़ी अर्जुन गोपाल और रंजन रघुवंशी ने हिंदी, पंजाबी और पहाड़ी गीतों का समृद्ध संगम प्रस्तुत किया, जिसने दर्शकों का मन मोह लिया। सिरमौर के गायक और हिमाचल आइडल दीपक चौहान ने बॉलीवुड गीतों और नाटकीय प्रस्तुतियों से युवाओं का खूब मनोरंजन किया। वहीं, पहाड़ी गायक रामेश्वर शर्मा के गीतों ने कार्यक्रम को और भी आकर्षक बनाया और युवा समूह गीतों की धुन पर थिरकते हुए नजर आए।
इस दौरान कार्यक्रम में समाजसेवी डॉक्टर संजय अग्रवाल अपनी पत्नी सविता अग्रवाल के साथ मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहे, जबकि जिला भाषा अधिकारी ममता कुमारी विशिष्ट अतिथि रहीं। दूसरी सांस्कृतिक संध्या में 12 स्कूलों की भागीदारी के साथ लोक नृत्य प्रतियोगिता भी आयोजित की गई। निर्णायक मंडल में कुमारी सुनीता शर्मा और मंजू भारद्वाज शामिल थीं हिमाचल आइडल सिंगिंग प्रतियोगिता भी जारी है, जिसके निर्णायक सोनू भारद्वाज और परमिंदर सिंह नामधारी हैं। युवा मंडल के अध्यक्ष पंकज सूद, उपाध्यक्ष मुकेश शर्मा ‘मिकी’, महासचिव कीर्ति कौशल एवं अन्य सदस्यों ने मेहमानों का स्वागत किया और उन्हें स्मृति चिन्ह भेंट किए, हजारों दर्शकों की उपस्थिति में यह सांस्कृतिक संध्या उत्सव को यादगार बनाने में सफल रही है।











