आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला| भारतीय ओवरसीज़ कांग्रेस (आइओसी) यूके के अध्यक्ष कमल धालीवाल, उपाध्यक्ष गुरमिंद्र रंधावा एवं उनकी टीम ने बुधवार शाम लंदन में हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू से शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान मुख्यमंत्री सुक्खू ने स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यटन और पर्यावरण संरक्षण जैसे क्षेत्रों में राज्य सरकार की विभिन्न पहलों और सुधारात्मक प्रयासों के बारे में जानकारी दी, उन्होंने बताया कि हिमाचल प्रदेश ने गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के मामले में 21वें स्थान से उन्नति कर पांचवें स्थान पर स्थान बनाया है।
इस दौरान मुख्यमंत्री ने यह भी बताया कि प्रदेश की जनता जलवायु परिवर्तन के दुष्प्रभावों का सामना कर रही है, जिसके मद्देनजर सरकार ने कई पर्यावरण संरक्षण कदम उठाए हैं और आपदा प्रभावित परिवारों की सहायता अपने संसाधनों से की जा रही है। आइओसी यूके के अध्यक्ष कमल धालीवाल ने हिमाचल सरकार की दूरदर्शी नीतियों और सतत विकास के प्रति प्रतिबद्धता की सराहना करते हुए कहा कि यह मॉडल अन्य राज्यों के लिए प्रेरणादायक है। इस अवसर पर विधायक एवं मुख्यमंत्री की धर्मपत्नी कमलेश ठाकुर, आइओसी यूके के महासचिव विक्रम दुहान, संदीप सोनी, मुहम्मद खल्लीलउल्लाह, यश सोलंकी, रूपेन्द्र गिल और पम्मी चीमा भी मौजूद थे।