शिमला में भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा का शक्ति प्रदर्शन, जयराम ठाकुर ने भरा जोश

0
10

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला| शिमला गंज बाजार स्थित राम मंदिर में आयोजित भाजपा अल्पसंख्यक मोर्चा के अभिनंदन कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पूर्व मुख्यमंत्री एवं नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि आगामी चुनावों में अल्पसंख्यक मोर्चा पार्टी की जीत में निर्णायक भूमिका निभाएगा। उन्होंने कहा कि पिछली बार भाजपा सरकार गठन से केवल कुछ सीटें दूर रह गई थी, लेकिन इस बार कार्यकर्ताओं की ऊर्जा, समर्पण और जनसंपर्क अभियान उस कमी को पूरा करेंगे।

इस दौरान कार्यक्रम में जयराम ठाकुर ने सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि आपका यह उत्साह संगठन को नई ऊँचाइयों तक लेकर जाएगा और जनता की सेवा के संकल्प को वास्तविकता में बदलेगा। उन्होंने संगठन को सशक्त बनाने, पार्टी की विचारधारा को जन-जन तक पहुंचाने, तथा अल्पसंख्यक समाज की भागीदारी को मजबूत करने पर बल दिया और साथ ही जनहित के कार्यों में मोर्चे की सक्रिय भूमिका सुनिश्चित करने पर भी विस्तृत चर्चा की गई। इस अवसर पर राज्यसभा सांसद डॉ. सिकंदर कुमार, प्रदेश सचिव तिलक राज शर्मा, भाजपा युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. सनी शुक्ला, शिमला जिला अध्यक्ष केशव चौहान, तथा शिमला शहरी से भाजपा प्रत्याशी संजय सूद सहित पार्टी के अनेक वरिष्ठ पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम का उद्देश्य न केवल संगठनात्मक मजबूती रहा, बल्कि अल्पसंख्यक समाज को भाजपा की मुख्यधारा से जोड़ने की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल के रूप में भी देखा जा रहा है।