आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। बारबाडोस की राजधानी ब्रिजटाउन में 5 से 12 अक्तूबर, 2025 तक आयोजित होने वाले 68वें राष्ट्रमण्डल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां गत रात्रि नई दिल्ली से ब्रिजटाउन के लिए रवाना हो गए हैं। पठानियां पहले लंदन के हिथ्रो हवाई अड्डे पहुंचे, जहां वे 2 अक्टूबर तक अध्ययन प्रवास पर रहेंगे।
इस दौरान विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार भी सम्मेलन में भाग लेने के लिए ब्रिजटाउन के लिए रवाना हो चुके हैं। कुलदीप सिंह पठानियां 3 अक्टूबर को लंदन से ब्रिजटाउन के लिए उड़ान भरेंगे। इस अंतरराष्ट्रीय सम्मेलन में ‘प्रौद्योगिकी का लाभ उठाना डिजिटल परिवर्तनों के माध्यम से लोकतंत्र को बढ़ावा देना और डिजिटल विभाजन से निपटना’ जैसे अहम विषयों पर चर्चा होगी। पठानियां इस सम्मेलन के दौरान तीन चयनित विषयों पर अपना सम्बोधन देंगे और देश का प्रतिनिधित्व करेंगे। उन्होंने पहले भी विभिन्न सम्मेलनों में बेबाक टिप्पणियों और जोरदार भाषणों से अपनी काबिलियत का लोहा मनवाया है, उपाध्यक्ष विनय कुमार भी सम्मेलन में उनके साथ उपस्थित रहेंगे।