आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने दशहरा पर्व के उपलक्ष्य में प्रदेशवासियों सहित देशभर के नागरिकों को हार्दिक शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने अपने शुभकामना संदेश में कहा कि दशहरा अधर्म पर धर्म, अंधकार पर प्रकाश और असत्य पर सत्य की विजय का प्रतीक है। यह पर्व पूरे देश में श्रद्धा, उल्लास और पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ मनाया जाता है।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि दशहरा पर्व का पौराणिक और ऐतिहासिक महत्व है। एक मान्यता के अनुसार इसी दिन मां दुर्गा ने महिषासुर राक्षस का वध किया था, वहीं भगवान राम ने रावण का अंत कर अधर्म पर धर्म की विजय स्थापित की थी। पठानिया ने कहा कि हमें इन पौराणिक घटनाओं से प्रेरणा लेकर अपने जीवन में अच्छाई, सत्य और धर्म के मार्ग को अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि अच्छाई का मार्ग कठिन अवश्य हो सकता है, लेकिन वह दीर्घकालिक और स्थायी होता है, जबकि बुराई अल्पकालिक और असत्य पर आधारित होती है। इस अवसर पर उन्होंने सभी देशवासियों के सुख, समृद्धि और उन्नति की कामना करते हुए भगवान राम के आदर्शों को जीवन में अपनाने की अपील की है।