हिमाचल प्रदेश-जापान निवेश संवाद टोक्यो में सफल, आर्थिक सहयोग के नए रास्ते खुले

0
8

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार के प्रतिनिधिमंडल और जापानी उद्योगपतियों के बीच भारत के दूतावास, टोक्यो में एक विशेष संवाद कार्यक्रम सफलतापूर्वक आयोजित किया गया। इस कार्यक्रम में दोनों पक्षों ने स्वास्थ्य सेवा, तकनीक, विनिर्माण और पर्यटन जैसे क्षेत्रों में सहयोग बढ़ाने के अवसरों पर चर्चा की गयी।भारतीय दूतावास के डिप्टी चीफ़ ऑफ़ मिशन मधुसूदन आर. ने स्वागत करते हुए भारत जापान के मजबूत संबंधों और हिमाचल प्रदेश की निवेश क्षमताओं पर प्रकाश डाला, उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश के पास प्राकृतिक संसाधन और प्रशिक्षित मानव संसाधन निवेश के लिए उपयुक्त हैं।

इस दौरान हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान के नेतृत्व में राज्य का प्रतिनिधिमंडल इस कार्यक्रम में शामिल हुआ। उन्होंने राज्य की निवेश अनुकूल नीतियों, ग्रामीण उद्यमिता और हरित औद्योगिकीकरण पर जोर दिया। अतिरिक्त मुख्य सचिव (उद्योग) आर.डी. नज़ीम ने पर्यटन, रोपवे परियोजनाओं, बल्क ड्रग पार्क और इलेक्ट्रिक वाहन उद्योग के अवसरों के बारे में जानकारी दी। उद्योग निदेशक डॉ. युनुस ने पर्यटन के साथ साथ MSME को सशक्त बनाने वाले रैंप कार्यक्रम की उपलब्धियों और आगामी रिवर्स बायर-सेलर मीट में जापानी भागीदारी पर भी प्रकाश डाला है।

इसी तरह जापानी प्रतिनिधियों ने स्वास्थ्य सेवाओं, फार्मास्यूटिकल्स, उन्नत चिकित्सा तकनीक और औद्योगिक साझेदारी को लेकर सकारात्मक रुचि दिखाई। इस कार्यक्रम के अंत में दोनों पक्षों ने दीर्घकालिक आर्थिक सहयोग को बढ़ावा देने का संकल्प व्यक्त किया। यह संवाद कार्यक्रम हिमाचल प्रदेश और जापान के बीच निवेश व आर्थिक साझेदारी को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।