कुलदीप सिंह पठानियां ने लंदन में भारत के उच्चायुक्त से की सतत पर्यटन पर चर्चा

0
12

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

लंदन। हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां 29 सितंबर की मध्यरात्रि को 68वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन में भाग लेने के लिए बारबाडोस की राजधानी ब्रिजटाउन के लिए रवाना हो चुके हैं। यह सम्मेलन 5 से 12 अक्टूबर, 2025 तक आयोजित होगा। विधान सभा उपाध्यक्ष विनय कुमार और सचिव यशपाल शर्मा भी इस सम्मेलन में भाग लेने के लिए पहले ही लंदन पहुंच चुके हैं। पठानियां ने लंदन में भारतीय दूतावास इंडिया हाउस पहुंचकर भारत के उच्चायुक्त विक्रम के. दोरईस्वामी से मुलाकात की और इस दौरान उन्होंने सतत पर्यटन के महत्व पर विशेष चर्चा की। उन्होंने कहा कि सतत पर्यटन पर्यावरण, समाज और अर्थव्यवस्था पर सकारात्मक प्रभाव डालने वाला मॉडल है, जिसे हिमाचल प्रदेश में विकसित करने की आवश्यकता है।

इस दौरान उन्होंने यूरोपियन देशों के पर्यटन मॉडल को उदाहरण देते हुए कहा कि शिमला, कांगड़ा, कुल्लू और चंबा जैसे प्राकृतिक सौंदर्य वाले जिलों को सतत पर्यटन के तहत विकसित किया जाए जिससे प्रदेश की अर्थव्यवस्था को मजबूती मिले और वैश्विक पर्यटकों का आकर्षण बढ़े। पठानियां ने कहा कि ब्रिटिश काल में बने शिमला और डलहौजी के ऐतिहासिक भवन आज भी पर्यटकों के लिए आकर्षण के केन्द्र हैं। इसके अलावा उन्होंने कूटनीतिक संबंधों और भविष्य की योजनाओं पर भी चर्चा की, हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष 3 अक्टूबर को लंदन से ब्रिजटाउन के लिए प्रस्थान करेंगे।