जनता की जेब पर वार, दोस्तों को उपहार : बिक्रम ठाकुर

0
27

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

धर्मशाला। पूर्व उद्योग मंत्री व भाजपा के वरिष्ठ विधायक बिक्रम ठाकुर ने सुक्खू सरकार पर करारा हमला करते हुए कहा है कि केंद्र से मिली राहत के बावजूद प्रदेश में जनता महंगाई और कुशासन की मार झेल रही है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रधानमंत्री मोदी द्वारा सीमेंट पर GST घटाने के बाद भी प्रदेश सरकार ने अतिरिक्त गुड्स टैक्स बढ़ाकर आम जनता को राहत से वंचित किया है। वरिष्ठ विधायक बिक्रम ठाकुर ने कहा कि प्रदेश सरकार ने आपदा प्रभावित प्रदेश और गरीब-मध्यम वर्ग के लिए मिली केंद्र सरकार की राहत को जनता तक पहुँचने नहीं दिया, उन्होंने यह भी कहा कि प्रदेश में फिजूलखर्ची चरम पर है और सत्ता के करीबी विदेश भ्रमणों पर भेजे जा रहे हैं, जबकि जनता पर कर का बोझ बढ़ाया जा रहा है।

इस दौरान पूर्व मंत्री ने कर्मचारियों की समस्याओं को भी उठाया और उन्होंने कहा कि HRTC के पेंशनभोगियों को महीनों से पेंशन नहीं मिली, जबकि HPTDC कर्मचारियों को वेतन देने में देरी हुई है। वरिष्ठ विधायक बिक्रम ठाकुर ने कहा कि मुख्यमंत्री केवल मीडिया में सुर्खियाँ बटोर रहे हैं, जबकि जमीनी स्तर पर लोग और कर्मचारी परेशान हैं। वरिष्ठ विधायक बिक्रम ठाकुर ने जसवां-परागपुर विधानसभा क्षेत्र में HRTC रूटों की बहाली को लेकर सरकार को चेतावनी दी है। उन्होंने कहा कि यदि सात दिन के भीतर रूट बहाल नहीं हुए तो वे अपने समर्थकों के साथ RM कार्यालय का घेराव करेंगे और कांग्रेस सरकार को जनता-विरोधी और भेदभावपूर्ण बताते हुए कहा कि भाजपा इस अन्याय को बर्दाश्त नहीं करेगी और जनता की आवाज़ हमेशा बुलंद रखेगी।