ब्रिजटाउन में राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन शुरू, कुलदीप पठानियां देंगे तीन विषयों पर संबोधन

0
12

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला। बारबाडोस की राजधानी ब्रिजटाउन में आयोजित 68वें राष्ट्रमंडल संसदीय सम्मेलन का औपचारिक शुभारंभ हो गया। इस वैश्विक संसदीय सम्मेलन में 56 देशों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया है। इस सम्मेलन का आयोजन राष्ट्रमंडल संसदीय संघ की कार्यकारी समिति और बारबाडोस संसद के संयुक्त तत्वावधान में किया जा रहा है। भारत की ओर से लोकसभा अध्यक्ष और राष्ट्रमंडल संसदीय संघ (सीपीए) भारत क्षेत्र के अध्यक्ष ओम बिरला के नेतृत्व में एक उच्च स्तरीय प्रतिनिधिमंडल ने भाग लिया, जिसमें हिमाचल प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां भी शामिल हैं और उनके साथ विधानसभा उपाध्यक्ष विनय कुमार और सचिव यशपाल शर्मा भी सम्मेलन में उपस्थित हैं।

इस सम्मेलन का आयोजन 8 से 13 अक्तूबर तक चलने वाला है। इसके शुभारंभ के बाद भारतीय प्रतिनिधिमंडल ने बारबाडोस संसद के मुख्य द्वार पर एक सामूहिक चित्र खिंचवाया, जो सम्मेलन की ऐतिहासिक शुरुआत का प्रतीक बना है। विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने सम्मेलन के अवसर पर कहा कि राष्ट्रमंडल एक ऐसा स्वैच्छिक संघ है जिसमें ब्रिटिश साम्राज्य से निकले 56 स्वतंत्र देश शामिल हैं, जो लोकतंत्र, शांति और सतत विकास जैसे मूल्यों के प्रति प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा कि राष्ट्रमंडल में अफ्रीका, एशिया, कैरेबियन, यूरोप और प्रशांत क्षेत्र के देश शामिल हैं, जिनमें विकसित और विकासशील अर्थव्यवस्थाएं दोनों मौजूद हैं।

इस दौरान पठानियां ने यह भी जानकारी दी कि वह भारतीय प्रतिनिधि के रूप में बारबाडोस संसद में तीन अलग-अलग विषयों पर अपना विचार साझा करेंगे। वह कल “लोकतंत्र को समर्थन देने के लिए हमारी संस्थाओं को मजबूत करना” विषय पर सम्मेलन को संबोधित करेंगे। यह सम्मेलन अंतरराष्ट्रीय संसदीय सहयोग को मजबूत करने के साथ साथ सदस्य देशों के बीच लोकतांत्रिक मूल्यों के आदान प्रदान का महत्वपूर्ण मंच प्रदान करता है।