प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह ने केंद्र पर RTI कमजोर करने का लगाया आरोप

0
100

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया है कि वह सूचना के अधिकार (RTI) कानून में संशोधन कर इसे कमजोर कर रही है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने देशवासियों को RTI के माध्यम से पारदर्शिता और सूचना का अधिकार दिया था, जिससे हर नागरिक को समयबद्ध सूचना प्राप्त करने का अधिकार मिला। इसी तरह प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित पत्रकार वार्ता में प्रतिभा सिंह ने कहा कि कांग्रेस पूरे देश में RTI की 20वीं वर्ष गांठ पर इसके महत्व को लेकर जागरूकता अभियान चला रही है।

इस अवसर पर अखिल भारतीय कांग्रेस कार्यसमिति की सदस्य एवं प्रदेश मामलों की प्रभारी सांसद रजनी पाटिल ने कहा कि 12 अक्टूबर 2005 को यूपीए सरकार ने सूचना का अधिकार अधिनियम लागू कर देशवासियों को सूचना प्राप्त करने का अधिकार दिया था। उन्होंने बताया कि इसके बाद कई महत्वपूर्ण सामाजिक अधिकार कानून भी लागू किए गए, जिनका उद्देश्य नागरिकों को सशक्त बनाना था। रजनी पाटिल ने केंद्र सरकार पर आरोप लगाया कि 2014 के बाद से RTI को लगातार कमजोर किया जा रहा है, जिससे लोकतंत्र और पारदर्शिता को चोट पहुंची है। कांग्रेस RTI को मजबूत करने के लिए प्रतिबद्ध है ताकि नागरिक निर्भय होकर सरकार से सवाल पूछ सकें। इस दौरान अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के प्रवक्ता और ठियोग विधायक कुलदीप सिंह राठौर ने भी कहा कि केंद्र सरकार ने RTI आयोग के कई महत्वपूर्ण पद खाली छोड़ रखे हैं और आवेदन लंबित पड़े हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस RTI को कमजोर नहीं होने देगी और इसके लिए व्यापक जागरूकता अभियान चलाएगी।