हिमाचल में झूठी गारंटियों से कांग्रेस ने डाला वोटों पर डाका: जयराम ठाकुर

0
4

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला। हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कांग्रेस नेतृत्व और खासकर प्रियंका गांधी वाड्रा पर तीखा हमला बोला है। उन्होंने कांग्रेस पर विधानसभा चुनाव के दौरान जनता को झूठी गारंटियों के माध्यम से गुमराह करने का आरोप लगाते हुए कहा कि अब तीन साल बीत जाने के बाद भी इन वादों पर कोई जवाबदेही नहीं है। जयराम ठाकुर ने कहा कि चुनाव के दौरान जिस आत्मविश्वास और दमखम के साथ प्रियंका गांधी समेत कांग्रेस के शीर्ष नेता गारंटियां देकर वोट मांग रहे थे, अब वही नेता जनता से नजरें चुरा रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि रिज मैदान पर आयोजित सरकारी कार्यक्रम को कांग्रेस ने पूरी तरह से राजनीतिक मंच में बदल दिया, जहां सरकार की उपलब्धियों की बजाय केवल केंद्र सरकार पर निशाना साधा गया है।

इस दौरान नेता प्रतिपक्ष ने सवाल उठाया कि प्रियंका गांधी खुद हिमाचल आईं लेकिन एक बार भी अपनी दी हुई गारंटियों को लेकर सरकार से कोई सवाल नहीं किया। उन्होंने यह भी कहा कि जिस मंच से प्रधानमंत्री को कोसा गया, उसी मंच से केंद्र द्वारा दी गई मदद का जिक्र तक नहीं किया गया। जयराम ठाकुर ने कहा कि हिमाचल में आपदा राहत और पुनर्वास कार्यों में केंद्र सरकार की भूमिका अहम रही है। उन्होंने बताया कि अब तक प्रदेश को 5500 करोड़ रुपए से अधिक की सहायता दी जा चुकी है, जिसमें प्रधानमंत्री द्वारा घोषित 1500 करोड़ का अतिरिक्त पैकेज भी शामिल है। इसके बावजूद प्रदेश सरकार आपदा प्रभावितों को 300 करोड़ रुपए भी नहीं दे पाई है, जो बेहद दुर्भाग्यपूर्ण है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत 34 करोड़ रुपए तथा बागवानी मिशन के लिए 25 करोड़ की केंद्रीय सहायता हाल ही में मंजूर की गई है और इसके बावजूद प्रदेश सरकार केंद्र के प्रति आभार जताने की बजाय राजनीतिक कटाक्ष करती रही है।

जयराम ठाकुर ने रिज मैदान पर हुए आयोजन को लेकर भी नाराजगी जताई, उन्होंने कहा कि यह स्थान ऐतिहासिक और गरिमापूर्ण है, जहां केवल प्रधानमंत्री स्तर के नेताओं को ही राजनीतिक कार्यक्रम करने की अनुमति मिलती है। यदि यह वास्तव में सरकारी कार्यक्रम था, तो मंच से केवल योजनाओं और विकास कार्यों की चर्चा होनी चाहिए थी, न कि विपक्ष पर हमले। नेता प्रतिपक्ष ने मुख्यमंत्री द्वारा प्रियंका गांधी के हिमाचल में घर बनाने को ‘राज्य के लिए उपलब्धि’ बताने पर भी सवाल खड़े किए और उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि प्रदेश को इससे क्या लाभ हुआ, यह सरकार स्पष्ट करे। उन्होंने कहा कि सोशल मीडिया पर भी लोग इस बयान को लेकर मुख्यमंत्री की आलोचना कर रहे हैं। जयराम ठाकुर ने कहा कि जब प्रधानमंत्री खुद आपदा प्रभावित क्षेत्रों का दौरा कर सकते हैं, तो कांग्रेस के शीर्ष नेता ऐसा क्यों नहीं कर सकते, उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के नेता न तो प्रभावित क्षेत्रों में गए और न ही सरकार के राहत कार्यों की कोई समीक्षा की गई। अंत में, उन्होंने यह भी कहा कि यदि प्रियंका गांधी दोबारा गली गली अपने गुप्तचरों को भेजें और प्रदेश की स्थिति का जायजा लें, तो उन्हें सरकार की असफलताओं और भ्रष्टाचार का असली चेहरा दिखाई देगा।