राजीव गांधी पंचायती राज संगठन प्रदेश में चलाएगा विशेष अभियान

0
12

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला। राजीव गांधी पंचायती राज संगठन के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. सुनील परमार ने कहा है कि संविधान के 73वें और 74वें संसोधन में पंचायतों के अधिकारों की विस्तृत व्याख्या की गई है, जिसकी जानकारी देने के लिए प्रदेश में विशेष अभियान चलाया जाएगा। इसके तहत सभी जिलों और ब्लॉकों में संगठन की कार्यशालाएं आयोजित की जाएंगी, जिससे संगठन का विस्तार हो और उसके कार्यों का प्रचार-प्रसार किया जा सके। प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन में आयोजित राज्य कार्यकारिणी की बैठक की अध्यक्षता करते हुए डॉ. परमार ने कहा कि यह संगठन सोनिया गांधी की अध्यक्षता में पंचायती राज संस्थाओं में कांग्रेस की विचारधारा को मजबूत करने के उद्देश्य से गठित किया गया है। उन्होंने बताया कि संगठन महात्मा गांधी की विचारधारा के तहत सर्वोदय शिविर, स्वराज संगम जैसे कार्यक्रम आयोजित करता है और इन कार्यक्रमों को प्रदेश के सभी जिलों व ब्लॉकों में आयोजित करना चाहिए।

इसी तरह प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने बैठक में विशेष अतिथि के तौर पर शिरकत करते हुए कहा कि राजीव गांधी पंचायती राज संगठन कांग्रेस पार्टी के लिए महत्वपूर्ण है। उन्होंने पदाधिकारियों से अपील की कि वे संगठन को बूथ स्तर से लेकर ब्लॉक और जिला स्तर तक मजबूत करने के लिए कार्यशालाओं का आयोजन करें और अधिक से अधिक लोगों को जोड़ें। प्रदेश अध्यक्ष सचिन मिरुपा ने कहा कि संगठन का विस्तार जल्द पूरा कर लिया जाएगा और आगामी शिविरों का आयोजन भी शीघ्र किया जाएगा। राष्ट्रीय महासचिव दीपक राठौर ने कहा कि आगामी पंचायत व विधानसभा चुनावों में संगठन की अहम भूमिका होगी और जिम्मेदारी मिलने वाले पदाधिकारी पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम करें और प्रदेश संगठन प्रभारी डॉ. संजय ने कहा कि राजीव गांधी पंचायती राज संगठन देश और प्रदेश में कांग्रेस की विचारधारा को मजबूती देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रहा है और इसके लिए उन्होंने सभी पदाधिकारियों की सराहना की है।