आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष एवं पूर्व सांसद प्रतिभा सिंह ने भारतीय महिला क्रिकेट टीम की विश्व विजेता बनने पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी की ओर से बधाई दी है। उन्होंने कहा कि भारतीय महिला टीम ने यह साबित कर दिया है कि महिलाएं पुरुषों के मुकाबले कहीं भी कम नहीं हैं। प्रतिभा सिंह ने विशेष रूप से हिमाचल प्रदेश के रोहड़ू की बेटी रेणुका ठाकुर को जीत की बधाई दी और कहा कि प्रदेश को उनके इस उपलब्धि पर गर्व है। उन्होंने बताया कि क्रिकेट जगत में प्रदेश की बेटी का नाम प्रदेश की सभी बेटियों के लिए प्रेरणादायक और गौरवमयी है।
इस दौरान प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि प्रदेश के लिए यह गर्व और सौभाग्य की बात है कि रेणुका ठाकुर विश्व कप विजेता टीम का हिस्सा बनीं। उन्होंने सम्पूर्ण भारतीय महिला क्रिकेट टीम की प्रशंसा करते हुए कहा कि उनकी लगन और मेहनत देश की सभी बेटियों को प्रेरित करेगी और खेल के क्षेत्र में नए मानक स्थापित करेगी।











