आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। भाजपा प्रदेश उपाध्यक्ष और विधायक विपिन परमार ने प्रेस वार्ता में कहा कि भारत में राष्ट्रगीत ‘वंदे मातरम’ के 150 वर्ष पूरे होने पर देशभर में उत्सव हर्ष और उल्लास के साथ मनाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि वंदे मातरम को प्रदेश और देश के प्रत्येक स्कूल में दिनचर्या का हिस्सा बनाया जाना चाहिए। परमार ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि कांग्रेस ने मुस्लिम लीग को खुश करने के लिए वंदे मातरम के कई छंदों को हटाया और इसे पूर्ण रूप से लागू नहीं होने दिया। उन्होंने बताया कि 1937 में कांग्रेस कार्य समिति ने निर्णय लिया कि गीत के केवल पहले दो छंद ही गाए जाएँ। उन्होंने यह भी बताया कि 1923 में काकीनाडा में कांग्रेस अधिवेशन में पंडित विष्णु दिगंबर पलुस्कर को गीत गाने के लिए आमंत्रित किया गया था, लेकिन मुस्लिम नेताओं की आपत्ति के कारण इसे संशोधित किया गया।
इस दौरान उन्होंने यह भी कहा कि भाजपा 7 नवंबर को हर संसदीय क्षेत्र में वंदे मातरम का सामूहिक गान आयोजित करेगी। शिमला में अंबेडकर चौक, कांगड़ा में विधानसभा परिसर, मंडी में कल्लू और हमीरपुर में कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। विपिन परमार ने बताया कि केंद्रीय मंत्रिमंडल ने 1 अक्टूबर 2025 को राष्ट्रगीत के 150 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में पूरे देश में उत्सव मनाने का निर्णय लिया। उन्होंने वंदे मातरम का इतिहास भी साझा किया और कहा कि यह गीत 1875 में बंकिम चंद्र चट्टोपाध्याय द्वारा रचा गया और स्वतंत्रता संग्राम में राष्ट्रीय एकता और प्रतिरोध का प्रतीक बन गया। परमार ने कहा कि इस गीत ने बाल गंगाधर तिलक, लाला लाजपत राय, भगत सिंह और सुभाषचंद्र बोस जैसे क्रांतिकारियों को प्रेरित किया और ब्रिटिश शासन के खिलाफ आंदोलनों में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।











