कांग्रेस दुष्प्रचार में व्यस्त, जनता अब गुमराह नहीं होगी : संजय टंडन

0
7

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

सोलन। भाजपा प्रदेश सह प्रभारी संजय टंडन ने कांग्रेस पर सोशल मीडिया के माध्यम से दुष्प्रचार फैलाने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस पार्टी नकारात्मक प्रभाव वाले सोशल मीडिया पेज बनाकर जनता को गुमराह करने का असफल प्रयास कर रही है, लेकिन जनता अब इन चालों को भली भांति समझ चुकी है। संजय टंडन ने कहा कि कांग्रेस पार्टी जनता का विश्वास खो चुकी है और आने वाले समय में इसका खामियाजा उसे भुगतना पड़ेगा। उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनावों में कांग्रेस हर बूथ पर हारती नजर आएगी।

इस दौरान उन्होंने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की सराहना करते हुए कहा कि मोदी सरकार ने मोबाइल टेक्नोलॉजी, सोशल मीडिया और आईटी को विकास का बड़ा साधन बनाया है। उन्होंने कहा कि “कांग्रेस के जमाने में जहां 2G घोटाले होते थे, वहीं आज मोदी के नेतृत्व में देश 5G और 6G की दिशा में आगे बढ़ रहा है।”
टंडन ने कहा कि डायरेक्ट बेनिफिट ट्रांसफर (DBT) के जरिए केंद्र की योजनाओं का लाभ अब सीधे पात्र लोगों के खातों में पहुंच रहा है, जबकि कांग्रेस काल में 75 प्रतिशत तक राशि घोटालों में चली जाती थी। हिमाचल प्रदेश सरकार पर हमला बोलते हुए उन्होंने कहा कि आपदा राहत के दौरान नगद भुगतान करना कांग्रेस सरकार की मंशा पर सवाल उठाता है। उन्होंने आरोप लगाया कि सहायता राशि का वितरण डिजिटल माध्यम से न करके नकद में किया गया ताकि पार्टी कार्यकर्ताओं को लाभ पहुंचाया जा सके। इसी तरह संजय टंडन ने कहा कि भाजपा की सोशल मीडिया और आईटी टीम कांग्रेस की नाकामियों को उजागर करने में सक्रिय भूमिका निभाएगी। संजय टंडन ने कांग्रेस सरकार को “निकम्मी सरकार” करार देते हुए कहा कि भाजपा हर मोर्चे पर कांग्रेस को घेरने के लिए तैयार है।