पृथा डोगर ने क्वीन कॉमनवेल्थ निबंध प्रतियोगिता 2025 में जीता कांस्य पदक

0
8

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला। ऑकलैंड हाउस स्कूल की कक्षा 11वीं की मानविकी संकाय की छात्रा पृथा डोगर ने प्रतिष्ठित क्वीन कॉमनवेल्थ निबंध प्रतियोगिता 2025 में कांस्य पदक प्राप्त कर विद्यालय, प्रदेश और देश का नाम रोशन किया है। इस वर्ष प्रतियोगिता में 56 कॉमनवेल्थ सदस्य देशों से कुल 53,434 प्रविष्टियाँ प्राप्त हुईं, जो पिछले वर्ष की तुलना में 53 प्रतिशत अधिक हैं। पृथा ने सीनियर कैटेगरी में “Human beings have always needed the connection of literature – its wisdom as well as its sheer escapism” विषय पर निबंध प्रस्तुत किया, जो महामहिम क्वीन कैमिला के विचारों से प्रेरित था। उनके निबंध ने साहित्य की शक्ति को उजागर किया, जो पाठकों को कल्पना और भावनाओं की दुनिया में ले जाकर जीवन की गहराई समझने की प्रेरणा देती है।

इस उपलब्धि की औपचारिक सूचना आयोजन समिति की सदस्य जेनेट कूपर, OBE ने दी और पृथा को हार्दिक बधाई देते हुए उन्हें कॉमनवेल्थ समुदाय में अपनी रचनात्मक अभिव्यक्ति को आगे बढ़ाने के लिए प्रेरित किया। ऑकलैंड हाउस स्कूल ने अपने छात्रों को हमेशा साहित्यिक और सांस्कृतिक गतिविधियों में उत्कृष्टता प्राप्त करने हेतु प्रोत्साहित किया है। प्राचार्य ने कहा कि पृथा डोगर की सफलता विद्यालय के समर्पण और समग्र व्यक्तित्व विकास के दृष्टिकोण का प्रमाण है। पृथा की इस सफलता में उनके परिवार का भी महत्वपूर्ण योगदान रहा, जिन्होंने उन्हें निरंतर प्रोत्साहन और सृजनात्मक वातावरण प्रदान किया। इससे उनकी लेखन प्रतिभा और भी निखरकर सामने आई। पृथा इससे पहले भी राज्य और राष्ट्रीय स्तर की कई प्रतिष्ठित साहित्यिक प्रतियोगिताओं में पुरस्कार प्राप्त कर चुकी हैं। कॉमनवेल्थ स्तर पर यह सम्मान उनके साहित्यिक सफर का एक और स्वर्णिम अध्याय है और हिमाचल प्रदेश के लिए गर्व का विषय बन गया है।