शिमला पुलिस ने नशे के सौदागरों पर कसा शिकंजा, जुब्बल से दो हिरासत में लिए

0
1

 

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

 

शिमला ।  पुलिस ने नशे के कारोबार पर लगाम कसने के लिए सख्त रुख अपनाया है। शिमला पुलिस ने जीरो टॉलरेंस नीति के तहत चल रही मुहिम के तहत पिछले 25 दिनों में 18 आदतन और संगठित नशा तस्करों को पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत जेल भेज दिया है। पुलिस का कहना है कि यह कार्रवाई नशे की सप्लाई चेन तोडऩे और युवाओं को सुरक्षित रखने के उद्देश्य से की जा रही है। इसी क्रम में शनिवार को थाना जुब्बल पुलिस ने दो आरोपियों सुरेश कुमार उर्फपप्पू और रजत औक्टा उर्फ बन्नी को हिरासत में लेकर कंडा जेल भेज दिया। दोनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत पहले से कई मामले दर्ज हैं । पुलिस के मुताबिक सुरेश कुमार उर्फ पप्पू निवासी जुब्बल के खिलाफ वर्ष 2022 और 2023 में थाना जुब्बल में दो मामले दर्ज हुए थे। इन मामलों में उससे क्रमश: करीब नौ ग्राम और 13.10 ग्राम चिट्टा बरामद किया गया था।

 

 

रजत औक्टा उर्फ बन्नी निवासी गुन्ट्र (पुराना जुब्बल) के खिलाफ भी कई बार कार्रवाई हो चुकी है। वर्ष 2019 में थाना रोहड़ू में उससे करीब 6.13 ग्राम चिट्टा बरामद हुआ था। इसके बाद 2023 में थाना जुब्बल में 25.40 ग्राम चिट्टा और वर्ष 2025 में फिर से करीब 6.16 ग्राम चिट्टा बरामद होने के मामले सामने आए। एसएसपी शिमला गौरव सिंह का कहना है कि पीआईटी एनडीपीएस एक्ट के तहत की जा रही यह प्रिवेंटिव कार्रवाई संगठित नशा नेटवर्क को कमजोर करने की दिशा में अहम कदम है।