शीर्षक 2: 108 याचिकाओं में से 60 का निपटारा, शेष मामलों पर शीघ्र कार्रवाई के निर्देश

0
73

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

 

शिमला । हिमाचल प्रदेश विधान सभा सचिवालय के मुख्य समिति कक्ष में याचिका तथा विशेषाधिकार समितियों की अलग-अलग बैठकें आयोजित की गईं। इन बैठकों की अध्यक्षता समिति सभापति एवं विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने की।

 

याचिका समिति की बैठक आरम्भ हुई, जिसमें समिति सदस्य चन्द्रशेखर, रीना कश्यप, नीरज नैय्यर, कमलेश ठाकुर तथा अनुराधा राणा उपस्थित रहे। विधान सभा अध्यक्ष ने बताया कि समिति के समक्ष स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग से संबंधित तीन याचिकाएं प्रस्तुत की गईं, जिन पर सचिव (स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण) एम. सुधा देवी का मौखिक साक्ष्य लिया गया। सुनवाई के दौरान तीनों याचिकाओं को एक माह के लिए लंबित रखते हुए समिति ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई के निर्देश दिए।

 

 

उन्होंने जानकारी दी कि अब तक याचिका समिति को विभिन्न विभागों से कुल 108 अभ्यावेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 60 मामलों का निपटारा किया जा चुका है। 31 मामलों में विभिन्न विभागों से उत्तर अपेक्षित हैं, जबकि 12 अभ्यावेदनों के उत्तर प्राप्त हो चुके हैं, जिन्हें अगली बैठक में समिति के समक्ष प्रस्तुत किया जाएगा।
विभागवार जानकारी देते हुए उन्होंने बताया कि शिक्षा विभाग से 22, राजस्व विभाग से 21, महिला एवं बाल विकास विभाग से 1, परिवहन विभाग से 2, प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड से 3, ग्रामीण बैंक से 6, जल शक्ति विभाग से 3, वन विभाग से 8, लोक निर्माण विभाग से 12 तथा अन्य विविध विभागों से 25 अभ्यावेदन प्राप्त हुए हैं। इसके अतिरिक्त तकनीकी शिक्षा, वित्त, भाषा कला एवं संस्कृति, कार्मिक एवं पंचायती राज विभाग से एक-एक अभ्यावेदन प्राप्त हुआ है।

 

पठानिया ने कहा कि याचिका समिति के पुनर्गठन के बाद यह छठी बैठक थी, जिसमें 108 में से 60 मामलों का निपटारा किया जा चुका है। उन्होंने कहा कि यह प्रक्रिया आमजन को विभागों से न्याय प्राप्त करने का त्वरित, निशुल्क एवं सरल माध्यम प्रदान करती है। उन्होंने यह भी बताया कि जल शक्ति, तकनीकी शिक्षा, वित्त, भाषा कला एवं संस्कृति तथा कार्मिक एवं पंचायती राज विभाग से संबंधित सभी मामलों का निपटारा किया जा चुका है, जबकि शेष 48 मामलों का निपटारा शीघ्र किया जाएगा।

 

इसके पश्चात विशेषाधिकार समिति की बैठक  कुलदीप सिंह पठानिया की अध्यक्षता में आयोजित हुई। इस बैठक में समिति सदस्य चन्द्रशेखर, डी.एस. ठाकुर, पूर्ण चंद ठाकुर, आशीष बुटेल, भवानी सिंह पठानिया तथा नीरज नैय्यर उपस्थित रहे।
दोनों बैठकों में विधान सभा सचिव यशपाल शर्मा भी उपस्थित रहे।