आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला । अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद (एबीवीपी) जिला शिमला द्वारा सिरमौर के शिलाई क्षेत्र में हुए अवैध पेड़ कटान के विरोध में मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय शिमला के बाहर धरना-प्रदर्शन किया गया। इस दौरान परिषद के कार्यकर्ताओं ने पर्यावरण संरक्षण को लेकर अपनी गहरी चिंता जताई और प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की।
प्रदर्शन के दौरान एबीवीपी कार्यकर्ताओं ने कहा कि शिलाई क्षेत्र में हो रहा अवैध कटान न केवल प्राकृतिक संतुलन को प्रभावित कर रहा है, बल्कि स्थानीय पारिस्थितिकी तंत्र के लिए भी गंभीर खतरा बनता जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि इस मामले में अब तक प्रशासन द्वारा कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई है।
प्रदेश सह मंत्री तेजस्विनी गुलेरिया ने कहा कि शिलाई की यह घटना पूरे प्रदेश के लिए शर्मनाक है। उन्होंने आरोप लगाया कि प्रदेश सरकार द्वारा इस मामले में उच्च अधिकारियों और दोषियों के खिलाफ अभी तक कोई बड़ी कार्रवाई नहीं की गई है। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही उचित कदम नहीं उठाए गए, तो संगठन बड़े स्तर पर आंदोलन करने को मजबूर होगा।
वहीं, संजौली इकाई अध्यक्ष ऋतिक ने कहा कि प्रदेश में लगातार बढ़ रही ऐसी घटनाओं से वन माफिया, खनन माफिया और नशा माफिया के हौसले बुलंद हो रहे हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार इस मामले में चुप्पी साधे हुए है, जिससे प्रतीत होता है कि दोषियों को बचाने का प्रयास किया जा रहा है।
एबीवीपी ने मांग की है कि शिलाई अवैध पेड़ कटान मामले में जल्द से जल्द दोषियों की पहचान कर उनके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए, अन्यथा आने वाले समय में पूरे प्रदेश में उग्र आंदोलन किया जाएगा, जिसकी जिम्मेदारी सरकार की होगी।











