आदर्श हिमाचल ब्यूरो
रिकांगपिओ ।जनजातीय जिला किन्नौर के रिकांगपिओ में मंगलवार को पीएनडीटी अधिनियम 1994 के प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. राकेश नेगी ने अपने कार्यालय कक्ष में की।
बैठक के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी ने स्थानीय पंचायत जनप्रतिनिधियों से आह्वान किया कि वे कन्या भ्रूण हत्या और लिंग जांच जैसे अपराधों के प्रति लोगों को जागरूक करें, ताकि किन्नौर जिले में लिंगानुपात में सुधार लाया जा सके। उन्होंने कहा कि समाज की भागीदारी से ही इस गंभीर सामाजिक समस्या पर प्रभावी नियंत्रण संभव है।
इस अवसर पर डॉ. स्वाति नेगी ने सरोगेसी अधिनियम 2023 के बारे में विस्तृत जानकारी दी और उपस्थित लोगों को इसके विभिन्न कानूनी प्रावधानों से अवगत कराया।
डॉ. राकेश नेगी ने जानकारी देते हुए बताया कि क्षेत्रीय अस्पताल रिकांगपिओ में कॉरपोरेट सामाजिक दायित्व (CSR) के तहत 10 करोड़ रुपये की लागत से क्रिटिकल केयर ब्लॉक का निर्माण कार्य प्रगति पर है। उन्होंने कहा कि इस आधुनिक ब्लॉक में सभी आपातकालीन सुविधाएं उपलब्ध करवाई जाएंगी, जिससे दूरदराज के ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकेंगी।
उन्होंने स्वास्थ्य क्षेत्र में इस नई पहल के लिए राजस्व मंत्री जगत सिंह नेगी का आभार भी व्यक्त किया।
बैठक में चिकित्सा विशेषज्ञों, जिला न्यायवादी एल. एम. शर्मा तथा विभिन्न स्वयंसेवी संगठनों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।











