शिमला । विली पार्क में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) विधायक दल की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने की। बैठक में प्रदेश की वर्तमान कांग्रेस सरकार की नीतियों, प्रशासनिक विफलताओं और जनविरोधी फैसलों पर विस्तृत चर्चा करते हुए आगामी विधानसभा सत्र के लिए रणनीति तैयार की गई।
बैठक के दौरान भाजपा विधायकों ने आरोप लगाया कि प्रदेश में कानून-व्यवस्था की स्थिति लगातार बिगड़ रही है, विकास कार्य ठप पड़े हैं और सरकार केवल घोषणाओं तक सीमित रह गई है। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों, पेंशनरों, किसानों, बागवानों और बेरोजगार युवाओं से किए गए वादे पूरे नहीं होने के कारण प्रदेश की जनता निराश और परेशान है।
विली पार्क शिमला में भाजपा विधायक दल की बैठक, कांग्रेस सरकार को घेरने की बनी रणनीति
नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने कहा कि कांग्रेस सरकार अपने वादों को निभाने में पूरी तरह विफल रही है और प्रदेश में कुशासन का माहौल बन गया है। उन्होंने कहा कि भाजपा विधायक दल जनता की आवाज बनकर सदन में सरकार से जवाब मांगेगा और प्रदेश के हितों से जुड़े हर मुद्दे पर उसे कठघरे में खड़ा करेगा।
बैठक में भाजपा विधायक दल के सदस्य विपिन परमार, सतपाल सत्ती, रणधीर शर्मा, अनिल शर्मा, सुधीर शर्मा, सुखराम चौधरी, बिक्रम ठाकुर, राकेश जमवाल, बलबीर वर्मा, डीएस ठाकुर, जीत राम कटवाल, इंदर दत्त लखनपाल, सुरिंदर शौरी, आशीष शर्मा, डॉ. जनक राज, विनोद कुमार, इंद्र सिंह गांधी, लोकेंद्र कुमार, रीना कश्यप, पूर्ण चंद, दिलीप ठाकुर, प्रकाश राणा और रणवीर निक्का सहित अन्य उपस्थित रहे।
बैठक में यह भी निर्णय लिया गया कि कांग्रेस सरकार की नीतियों से प्रदेश की जनता को हो रही समस्याओं को लेकर भाजपा पूरे प्रदेश में जनजागरण अभियान चलाएगी और सरकार की विफलताओं को जनता के सामने उजागर करेगी।