आदर्श हिमाचल ब्यूरों
केलांग । क्षेत्रीय अस्पताल केलांग की रोगी कल्याण समिति की बैठक आज उपायुक्त कार्यालय सभागार में आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त एवं रोगी कल्याण समिति की अध्यक्षा Kiran Bhadana ने की।
बैठक में अस्पताल में उपलब्ध चिकित्सा सुविधाओं, दवाओं की आपूर्ति, भवनों की मरम्मत, स्वच्छता व्यवस्था तथा रोगियों की मूलभूत आवश्यकताओं की विस्तार से समीक्षा की गई। उपायुक्त ने निर्देश दिए कि अस्पताल में आने वाले प्रत्येक रोगी को बेहतर उपचार एवं स्वास्थ्य सुविधाएं सुनिश्चित की जाएं। उन्होंने कहा कि रोगी कल्याण समिति का उद्देश्य अस्पतालों में पारदर्शिता, उत्तरदायित्व और सेवाओं की गुणवत्ता को सुदृढ़ करना है।
उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग को अस्पताल के सम्पर्क सड़क मार्ग को शीघ्र चौड़ा एवं दुरुस्त करने के निर्देश दिए। साथ ही, अस्पताल में स्थापित की जा रही लिफ्ट के सिविल कार्य को जल्द पूर्ण करने तथा आगामी बैठक में लोनिवि के इलेक्ट्रिक विंग के अधिकारियों को शामिल करने के निर्देश भी दिए।
उन्होंने बताया कि प्रदेश सरकार द्वारा अस्पताल में बाल रोग, नेत्र रोग, अल्ट्रासाउंड तथा एनेस्थीसिया जैसे विशेषज्ञ चिकित्सकों की तैनाती की गई है, जिससे क्षेत्रवासियों को स्थानीय स्तर पर ही बेहतर चिकित्सा सेवाएं मिल सकें।
रोगी कल्याण समिति द्वारा चालू वित्त वर्ष में अब तक 24 लाख 34 हजार 210 रुपये व्यय किए गए हैं। वहीं, आगामी वित्त वर्ष 2026-27 के लिए विभिन्न मदों में 47 लाख 36 हजार 160 रुपये का बजट सर्वसम्मति से अनुमोदित किया गया।
इसके अतिरिक्त, वर्ष 2025-26 में समिति द्वारा अब तक 22 लाख 1003 रुपये की आय अर्जित की गई है तथा आगामी वित्त वर्ष में लगभग 36 लाख 80 हजार रुपये की आय का अनुमान है। उपायुक्त ने समिति की धनराशि को सावधि जमा योजनाओं में निवेश कर आय बढ़ाने के निर्देश दिए।
क्षेत्रीय अस्पताल केलांग में 12,895 रोगियों को स्वास्थ्य सेवाएं एवं उपचार प्रदान किया गया।उपायुक्त ने निर्देश दिए कि रोगी कल्याण समिति की बैठक वर्ष में कम से कम दो बार आयोजित की जाए तथा पहली बैठक फरवरी माह में कर कार्यों की स्वीकृति समय रहते सुनिश्चित की जाए, ताकि कार्यों को समयबद्ध रूप से पूर्ण किया जा सके।
बैठक में जिला परिषद अध्यक्ष बीना देवी, पंचायत प्रधान सोनम जांगपो, खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ. रोशन लाल, सहायक अभियंता लोनिवि नरेश कुमारी, सहायक अभियंता जल शक्ति विभाग अंजू कुमारी, सदस्य प्रेम लाल सहित समिति के अन्य सदस्य उपस्थित रहे।











