राहुल बने मिस्टर मोक्ष, अलोपा को मिला मिस मोक्ष 2026 का ताज

0
25

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

सोलन । Shoolini University के स्प्रिंग फेस्ट “मोक्ष 2026” का आयोजन बड़े उत्साह और भव्यता के साथ संपन्न हुआ। तीन दिवसीय इस उत्सव में अंतरराष्ट्रीय कलाकारों, विभिन्न विश्वविद्यालयों के छात्रों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों का अनूठा संगम देखने को मिला।
कार्यक्रम में तीन बार ग्रैमी पुरस्कार विजेता Ricky Kej ने अपनी भावपूर्ण रचनाओं से दर्शकों को मंत्रमुग्ध किया, वहीं इंडियन आइडल फेम Ankush Bharadwaj की शानदार प्रस्तुति ने युवाओं में खासा उत्साह भर दिया।

 

मोक्ष उत्सव की शुरुआत युवराज सिंह स्टेडियम से हुई, जहां विश्वविद्यालय के संगीत क्लब “राग रंग” ने जीवंत उद्घाटन प्रस्तुति दी। पारंपरिक परिधानों में सजे छात्रों ने विविध संस्कृति की झलक पेश कर माहौल को उत्सवमय बना दिया। योगानंद स्कूल ऑफ स्पिरिचुअलिटी एंड हैप्पीनेस द्वारा ध्वज संरचनाओं के साथ प्रस्तुत समन्वित योग प्रदर्शन आकर्षण का केंद्र रहा।

 

अंकुश भारद्वाज के मंच पर आते ही माहौल उत्साह से भर गया। कोटगढ़ निवासी इस प्रतिभाशाली गायक ने पॉप, बॉलीवुड और अर्ध-शास्त्रीय गीतों से दर्शकों को झूमने पर मजबूर कर दिया। इसके बाद डीजे कार्निवोर के ईडीएम सेशन ने कार्यक्रम को नई ऊंचाई दी।
उत्सव के दौरान आयोजित मिस्टर और मिस मोक्ष प्रतियोगिता के अंतिम चरण में फैशन शो का आयोजन किया गया, जिसके बाद विजेताओं की घोषणा की गई। राहुल को “मिस्टर मोक्ष 2026” और अलोपा को “मिस मोक्ष 2026” का ताज पहनाया गया। वहीं प्रिंस और वान्या को क्रमशः “मिस्टर” और “मिस पर्सनैलिटी” का खिताब मिला।

 

अधिकाला क्लब की अगुवाई में आयोजित प्रतियोगिताओं में Chandigarh University, Chitkara University, CGC Mohali, Bahra University, Graphic Era University, Rayat Bahra University सहित कई संस्थानों के छात्रों ने भाग लिया और अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
इस अवसर पर शूलिनी विश्वविद्यालय की पूर्व छात्रा वंदना शर्मा की स्मृति में “वुमन ऑफ सब्सटेंस” पुरस्कार भी प्रदान किए गए। छात्र वर्ग में बी.टेक बायोटेक्नोलॉजी की रीत साहनी विजेता रहीं, जबकि विधि संकाय की शनाया उपविजेता रहीं। संकाय वर्ग में सहायक प्रोफेसर मोनिका प्रकाश विजेता और एसोसिएट प्रोफेसर नितिका ठाकुर उपविजेता घोषित हुईं।

 

पुरस्कार वितरण समारोह में प्रो चांसलर विशाल आनंद, अध्यक्ष (मार्केटिंग एवं इनोवेशन) आशीष खोसला, ट्रस्टी एवं निदेशक निष्ठा शुक्ला आनंद तथा मुख्य शिक्षण अधिकारी डॉ. आशू खोसला ने विजेताओं को सम्मानित किया।

 

समापन समारोह में Ricky Kej ने देशभक्ति गीतों और सूफी संगीत की प्रस्तुतियों से समां बांध दिया।
स्थिरता एवं सामुदायिक परियोजनाओं की निदेशक पूनम नंदा ने कार्यक्रम की सफलता पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि “मोक्ष 2026 टीम वर्क, रचनात्मकता और ऊर्जा का उत्सव रहा है, जिसने पूरे विश्वविद्यालय समुदाय को एक साथ जोड़ने का कार्य किया।”