आदर्श हिमाचल ब्यूरो
केलांग । एआरओ मंडी द्वारा वर्ष 2025-26 के लिए आयोजित अग्निवीर भर्ती रैली का शुभारंभ आज 22 मार्च 2026 को तीसरी इंडिया रिज़र्व बटालियन, पंडोह के प्रशिक्षण मैदान में हुआ। इस भर्ती रैली में कुल्लू, मंडी एवं लाहौल-स्पिति जिलों के CEE उत्तीर्ण कुल 2959 अभ्यर्थी भाग ले रहे हैं।
भर्ती निदेशक कर्नल गौतम निशांत ने 21 मार्च को रैली स्थल का निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने भर्ती प्रक्रिया में तैनात अधिकारियों एवं जवानों को संबोधित करते हुए निर्देश दिए कि संपूर्ण प्रक्रिया को निष्पक्षता एवं पारदर्शिता के साथ संपन्न किया जाए।
रैली के पहले दिन आज प्रातः 6:30 बजे 1.6 किलोमीटर दौड़ के फ्लैग-ऑफ के साथ भर्ती प्रक्रिया की औपचारिक शुरुआत की गई। दौड़ के दौरान अभ्यर्थियों में उत्साह और ऊर्जा देखने लायक रही।
प्रथम दिन कुल्लू एवं लाहौल-स्पिति जिलों के 326 अभ्यर्थियों ने दौड़ में भाग लिया, जिनमें से 239 अभ्यर्थी सफल घोषित किए गए। सफल अभ्यर्थियों को अब शारीरिक मानकों की जांच, दस्तावेज़ सत्यापन तथा चिकित्सीय परीक्षण सहित आगामी चरणों से गुजरना होगा।
आगामी दिनों में मंडी सहित अन्य जिलों के अभ्यर्थी भी निर्धारित कार्यक्रम के अनुसार भर्ती प्रक्रिया में भाग लेंगे और अपनी योग्यता का प्रदर्शन करेंगे।
#AgniveerBharti #Pandoh #Mandi #Kullu #LahaulSpiti #IndianArmy #YouthPower #Himachal
Text: आदर्श हिमाचल











