सीमित संसाधनों में समावेशी और ऐतिहासिक बजट – युवा कांग्रेस

0
4

 

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

शिमला । हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष छत्तर सिंह ठाकुर ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खु द्वारा प्रस्तुत वित्त वर्ष 2026-27 के बजट का स्वागत करते हुए इसे आर्थिक चुनौतियों के बीच “जन-कल्याण और विकास का संतुलित दस्तावेज” बताया है। उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार द्वारा राजस्व घाटा अनुदान (RDG) बंद किए जाने से राज्य की वित्तीय स्थिति पर दबाव बढ़ा है, फिर भी प्रदेश सरकार ने सीमित संसाधनों में सभी वर्गों को ध्यान में रखते हुए एक समावेशी और शानदार बजट प्रस्तुत किया है।

 

आर्थिक संकट में भी संवेदनशील और जिम्मेदार सरकार

प्रदेश अध्यक्ष छत्तर ठाकुर ने कहा कि लगभग ₹54,928 करोड़ का बजट यह दर्शाता है कि सरकार संकट के बावजूद विकास और जनहित के बीच संतुलन बनाने में सफल रही है। मुख्यमंत्री, मंत्रियों और विधायकों द्वारा वेतन स्थगित करने का निर्णय सरकार की वित्तीय अनुशासन और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता को स्पष्ट करता है।

युवा शक्ति, खेल और रोजगार पर विशेष फोकस

युकां अध्यक्ष ने कहा कि इस बजट में युवाओं को केंद्र में रखते हुए “खेलो हिमाचल – चिट्टा मुक्त अभियान” की शुरुआत एक ऐतिहासिक कदम है, जिसके तहत राज्यभर में खेल प्रतियोगिताओं के माध्यम से युवाओं को नशे से दूर रखने का प्रयास किया जाएगा। इसके साथ ही लगभग 500 कैंपस इंटरव्यू आयोजित किए जाएंगे, साथ ही हज़ारों युवाओं को विदेश में रोजगार के अवसर देने का लक्ष्य, और ई-टैक्सी व ई-रिक्शा पर 50% सब्सिडी सहित बजट में स्वरोजगार योजनाओं के लिए बजट प्रावधान यह सभी पहलें युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में अत्यधिक महत्वपूर्ण हैं।

सामाजिक सुरक्षा और महिला सशक्तिकरण

छत्तर ठाकुर ने कहा कि महिलाओं और कमजोर वर्गों के लिए बजट में विशेष प्रावधान किए गए हैं। दिव्यांग पेंशन को ₹1700 से बढ़ाकर ₹3000 करना तथा सामाजिक सुरक्षा योजनाओं का विस्तार सरकार की संवेदनशील सोच को दर्शाता है। साथ ही गरीब परिवारों के लिए 300 यूनिट मुफ्त बिजली और महिलाओं के लिए आर्थिक सहायता जैसे कदम सामाजिक न्याय को मजबूत करते हैं।

किसान, ग्रामीण अर्थव्यवस्था और स्वरोजगार

युवा कांग्रेस के प्रदेशाध्यक्ष ने कहा कि कृषि, डेयरी और ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत करने के लिए उठाए गए कदम प्रदेश की रीढ़ को मजबूत करेंगे। किसानों की आय बढ़ाने और ग्रामीण युवाओं के लिए रोजगार सृजन की दिशा में यह बजट महत्वपूर्ण साबित होगा।

शिक्षा, स्वास्थ्य और पुनर्वास

छत्तर ठाकुर ने कहा कि शिक्षा क्षेत्र में सुधार, रोजगारपरक दृष्टिकोण और स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण के साथ-साथ मानसिक स्वास्थ्य और पुनर्वास के लिए नए “हाफ-वे होम” स्थापित करने का निर्णय एक संवेदनशील और प्रगतिशील सोच को दर्शाता है। स्कूल व कालेज कैडर में बड़े स्तर पर शिक्षकों व गैर-शिक्षकों की भर्तियों के बारे में बजट में घोषणा शिक्षा व रोजगार के क्षेत्र में महत्वपूर्ण है।

 

उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार की आर्थिक बाधाओं और सीमित संसाधनों के बावजूद मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने यह सिद्ध किया है कि मजबूत इच्छाशक्ति और जनहित के प्रति प्रतिबद्धता के साथ हर संकट का समाधान संभव है। हिमाचल प्रदेश युवा कांग्रेस इस बजट का पूर्ण समर्थन करती है और इसे जन-जन तक पहुंचाने के लिए प्रदेशभर में अभियान चलाएगी।

#समावेशी_बजट #हिमाचल_प्रदेश #युवा_कांग्रेस #विकास #रोजगार #महिला_सशक्तिकरण #किसान #शिमला #राजनीति

 

📲 हमसे जुड़ने के लिए: पर Subscribe करें | Facebook पेज Like करें | Twitter पर Follow करें
📧 Email: aadarshhimachal@gmail.com
📱 WhatsApp: 9857537874संपर्क करें