आदर्श हिमाचल ब्यूरों
सरकाघाट/चोलथरा । राष्ट्रीय राजमार्ग (NH) निर्माण कार्य के दौरान गुणवत्ता और सुरक्षा को लेकर गंभीर लापरवाही का मामला सामने आया है। निर्माण कार्य में लगी कंपनी की एक बड़ी चूक उस समय उजागर हो गई जब कंपनी का ही टीपर पक्की सड़क में धंस गया। इस घटना ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर बड़े सवाल खड़े कर दिए हैं।
स्थानीय लोगों ने आरोप लगाया है कि निर्माण कार्य में मानकों की अनदेखी की जा रही है, जिससे आम जनता की सुरक्षा को खतरा पैदा हो रहा है। क्षेत्रवासियों का कहना है कि सड़क निर्माण में घटिया सामग्री का उपयोग किया जा रहा है और कार्य में पारदर्शिता की कमी है।
क्षेत्र के सामाजिक कार्यकर्ता रमेश चंद भारद्वाज ने इस मुद्दे को गंभीरता से उठाते हुए फेसबुक लाइव के माध्यम से लोगों को एकजुट होने की अपील की है। उन्होंने कहा कि यह केवल एक घटना नहीं, बल्कि पूरे निर्माण कार्य में हो रही अनियमितताओं का संकेत है।
उन्होंने प्रशासन और संबंधित विभागों से मांग की है कि इस मामले की निष्पक्ष जांच करवाई जाए और दोषी कंपनी व अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। साथ ही, निर्माण कार्य की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के लिए उचित कदम उठाए जाएं, ताकि भविष्य में इस प्रकार की घटनाएं दोहराई न जाएं।
स्थानीय जनता ने भी चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही इस मामले में ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो वे आंदोलन करने को मजबूर होंगे।
#चोलथरा #सरकाघाट #NHनिर्माण #सड़कघोटाला #घटियानिर्माण #भ्रष्टाचार #जनआवाज़ #हिमाचलप्रदेश #BreakingNews #PublicIssue #RoadSafety #HimachalNews











