आदर्श हिमाचल ब्यूरो
सरकाघाट । मनरेगा वर्करों, विशेषकर महिलाओं की समस्याओं को लेकर एक महत्वपूर्ण मांग सामने आई है। धाड़ता क्षेत्र से संबंध रखने वाले सामाजिक कार्यकर्ता एवं पूर्व प्रत्याशी ने उपमंडल अधिकारी (ना०), सरकाघाट के माध्यम से केंद्रीय ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान तथा हिमाचल प्रदेश भवन एवं अन्य निर्माण श्रमिक कल्याण बोर्ड के अध्यक्ष नरदेव सिंह कंवर को ज्ञापन प्रेषित किया है।
ज्ञापन में मांग की गई है कि मनरेगा में कार्यरत महिलाओं के लिए एक टोल फ्री नंबर जारी किया जाए, जिसे उनकी मनरेगा जॉब कार्ड (कॉपी) पर अंकित किया जाए, ताकि वे अपनी समस्याएं सीधे मोबाइल के माध्यम से सरकार तक पहुंचा सकें और उनका पंजीकरण सुनिश्चित हो सके।
इसके अलावा, सरकाघाट कार्यालय में पर्याप्त कर्मचारियों की कमी, रिकॉर्ड रखने की उचित व्यवस्था का अभाव, अलमारियों की कमी तथा दस्तावेज जमा करने पर पावती रसीद न मिलने जैसी समस्याओं को भी उजागर किया गया है। इससे कर्मचारियों और मनरेगा वर्करों दोनों को यह जानकारी नहीं मिल पाती कि कौन से दस्तावेज कब जमा किए गए।
ज्ञापन में मनरेगा वर्करों की ई-केवाईसी के लिए एक सार्वजनिक मोबाइल ऐप तैयार करने तथा लोक मित्र केंद्रों के माध्यम से ई-केवाईसी की सुविधा उपलब्ध करवाने की भी मांग की गई है। साथ ही, वर्करों के लिए स्थानीय त्योहारों पर अवकाश, महीने में एक दिन एवं दो बार दो घंटे का सवैतनिक अवकाश तथा वर्ष में एक बार व्यक्तिगत सुरक्षा उपकरण (PPE) उपलब्ध करवाने की भी मांग उठाई गई है।
इसके अतिरिक्त, विभाग की वेबसाइट पर सभी मोबाइल और लैंडलाइन नंबर अपडेट करने तथा महिलाओं को उनकी सुविधा अनुसार कार्य उपलब्ध करवाने की आवश्यकता पर भी जोर दिया गया है।
सामाजिक कार्यकर्ता ने यह भी आग्रह किया है कि संबंधित कर्मचारी जब भी किसी पंचायत में कार्य के लिए जाएं, तो इसकी अग्रिम सूचना मीडिया और सोशल मीडिया के माध्यम से दी जाए, ताकि अधिक से अधिक लोग लाभ उठा सकें और अनावश्यक रूप से कार्यालय आने से बचा जा सके।
#सरकाघाट #मनरेगा #MGNREGA #ग्रामीणविकास #महिलाशक्ति #टोलफ्रीनंबर #जनआवाज़ #हिमाचलप्रदेश #LabourRights #DigitalIndia #ईकेवाईसी #PublicIssue #AdarshHimachal











