आर.एस. बाली ने किया राज्य स्तरीय सुकेत देवता मेले का शुभारंभ

0
7

आदर्श हिमाचल ब्यूरों

 

सुन्दरनगर। हिमाचल प्रदेश पर्यटन विकास निगम के अध्यक्ष एवं नगरोटा बगवां विधानसभा क्षेत्र के विधायक रघुबीर सिंह बाली ने आज सुन्दरनगर में राज्य स्तरीय सुकेत देवता मेले का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने शुकदेव वाटिका में देवी-देवताओं की पूजा-अर्चना की तथा शुकदेव वाटिका से जवाहर पार्क तक निकाली गई भव्य शोभायात्रा में भाग लिया। इसके पश्चात जवाहर पार्क में मेले का ध्वज फहराकर मेले का औपचारिक उद्घाटन किया।

 

 

जनसभा को संबोधित करते हुए आर.एस. बाली ने कहा कि प्रदेश के मेलों की समृद्ध परंपरा में रियासतकाल से मनाया जा रहा सुकेत देवता मेला विशेष स्थान रखता है। शुकदेव ऋषि की तपोस्थली में आयोजित यह मेला देव आस्था और परंपरा का प्रमुख केंद्र है। उन्होंने कहा कि मेले हमारी समृद्ध संस्कृति और सभ्यता के प्रतीक हैं, जो आपसी भाईचारे को बढ़ावा देने के साथ-साथ सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
आर.एस. बाली ने मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू एवं प्रदेश सरकार की ओर से शुभकामनाएं देते हुए कहा कि देवी-देवताओं के साथ हजारों श्रद्धालुओं की भागीदारी हिमाचल की परंपरा और संस्कृति को सशक्त बना रही है। उन्होंने सुकेत सर्व देवता कमेटी को 51 हजार रुपये देने की घोषणा भी की।

 

इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी सुंदरनगर एवं मेला समिति के अध्यक्ष अमर नेगी, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति विकास निगम के अध्यक्ष लाल सिंह कौशल, जिला मंडी कांग्रेस कमेटी की अध्यक्ष चंपा ठाकुर, नाचन विधानसभा क्षेत्र के पूर्व प्रत्याशी नरेश चौहान, प्रदेश कांग्रेस कमेटी सिराज के सचिव महेंद्र ठाकुर, एपीएमसी निदेशक मंडल के सदस्य निक्कू राम सैणी, मिल्क फेड के निदेशक संजय मेहता, युवा कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष मुकुल शर्मा, जिला एनएसयूआई के अध्यक्ष अनीत जसवाल, डीएसपी सुंदरनगर भारत भूषण तथा सुकेत सर्व देवता कमेटी के अध्यक्ष अभिषेक सोनी सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।

#सुकेत_देवता_मेला #राज्य_स्तरीय_मेला #हिमाचल_पर्यटन #आरएस_बाली #सुन्दरनगर #संस्कृति_और_परंपरा #हिमाचल_के_मेलों