विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने उठाया अवैध गतिविधियों का मुद्दा

0
28

आदर्श हिमाचल ब्यूरो

शिमला । हिमाचल प्रदेश विधानसभा में मनाली के विधायक भुवनेश्वर गौड़ ने राज्य में संचालित स्पा सेंटरों की कार्यप्रणाली और वहां पनप रही संदिग्ध गतिविधियों पर प्रदेश सरकार का ध्यान आकर्षित किया। विधायक गौड़ ने सदन में यह मुद्दा उठाते हुए चिंता जताई कि पर्यटन स्थलों पर बिना उचित पंजीकरण के कई केंद्र चल रहे हैं, जिससे सामाजिक वातावरण पर बुरा प्रभाव पड़ रहा है। उनके द्वारा उठाए गए इस महत्वपूर्ण प्रश्न का उत्तर देते हुए उद्योग मंत्री हर्षवर्धन चौहान ने घोषणा की कि सरकार स्पा सेंटरों के लिए एक ठोस मानक संचालन प्रक्रिया (SOP) तैयार करने जा रही है।

 

 

इस नई नीति के तहत स्वास्थ्य, आयुष और उद्योग विभागों की जवाबदेही तय की जाएगी, ताकि इन केंद्रों के पंजीकरण और कामकाज पर कड़ी निगरानी रखी जा सके और किसी भी प्रकार की अनैतिक गतिविधियों को रोका जा सके।भुवनेश्वर गौड़ के हस्तक्षेप पर मंत्री का कड़ा रुख: कुल्लू में सबसे अधिक 29 पंजीकृत केंद्र, अवैध संचालकों पर होगी पुलिस कार्रवाई

 

विधायक भुवनेश्वर गौड़ द्वारा सदन में स्पा सेंटरों की स्थिति स्पष्ट करने की मांग पर उद्योग मंत्री ने प्रदेश का आधिकारिक डेटा प्रस्तुत किया। उन्होंने बताया कि वर्तमान में हिमाचल प्रदेश में कुल 61 पंजीकृत स्पा सेंटर कार्यरत हैं। जिलावार सूची के अनुसार, सबसे अधिक 29 स्पा सेंटर कुल्लू जिले में हैं, जबकि कांगड़ा में 17, शिमला में 12, सोलन में 02 और लाहुल-स्पीति में 01 केंद्र पंजीकृत है। वहीं, मंडी, बिलासपुर, हमीरपुर और ऊना सहित प्रदेश के सात जिलों में एक भी पंजीकृत स्पा सेंटर नहीं है। विधायक गौड़ की चिंताओं पर संज्ञान लेते हुए मंत्री ने स्पष्ट किया कि जो भी सेंटर बिना पंजीकरण के चल रहे हैं या अवैध कार्यों में संलिप्त पाए जाएंगे, उनके खिलाफ पुलिस विभाग कड़ी कानूनी कार्रवाई करेगा। सरकार अब ‘हिमाचल प्रदेश दुकान एवं वाणिज्य संस्थान अधिनियम, 1969’ के साथ-साथ नए सख्त नियमों के माध्यम से इन पर लगाम लगाएगी।

#हिमाचल_प्रदेश #स्पा_सेंटर #भुवनेश्वर_गौड़ #हर्षवर्धन_चौहान #सुरक्षा_और_निगरानी #आदर्श_हिमाचल #विधानसभा