आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। राम नवमी उत्सव 2026 के अंतर्गत सूद सभा शिमला द्वारा भव्य शोभा यात्रा एवं प्रभात फेरी का आयोजन किया गया, जिससे पूरा शहर भक्तिमय वातावरण में डूब गया। सुबह के समय “जय श्री राम” के उद्घोषों से शिमला की वादियां गूंज उठीं और श्रद्धालु भक्ति में सराबोर नजर आए।
यह भव्य शोभा यात्रा राम मंदिर गंज बाजार से प्रारंभ होकर गुरुद्वारा साहिब, गंज बाजार, लोअर बाजार और मॉल रोड से होते हुए निकाली गई, जिसमें बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।कार्यक्रम की अध्यक्षता सूद सभा के अध्यक्ष राजीव सूद ने की, जबकि डॉ. राजीव बिंदल विशेष रूप से उपस्थित रहे।
इस अवसर पर राजीव सूद ने कहा कि यह अत्यंत शुभ संयोग है कि इस वर्ष राम नवमी का पर्व उसी ऐतिहासिक तिथि के आसपास आ रहा है, जिसका संबंध राम मंदिर के निर्माण और प्राण प्रतिष्ठा से जुड़ा है।
उन्होंने बताया कि राम उत्सव की शुरुआत नवरात्र के प्रथम दिवस से ही कर दी गई थी, जिसमें माता काली मंदिर में पूजा-अर्चना कर भगवान श्रीराम को आमंत्रित किया गया।
वर्तमान में राम मंदिर में मूल पाठ एवं राम कथा का आयोजन जारी है, जिसमें आचार्य प्रेम जी प्रतिदिन दोपहर 3 से 6 बजे तक कथा वाचन कर रहे हैं।
उन्होंने जानकारी दी कि 26 मार्च को राम मंदिर में यज्ञ एवं भंडारे का आयोजन किया जाएगा, जिसमें सभी श्रद्धालुओं को आमंत्रित किया गया है।
नगर कीर्तन और शोभा यात्रा की यह परंपरा समाज में एकता, संगठन और श्रीराम के आदर्शों — सत्य, मर्यादा और अनुशासन — को जन-जन तक पहुंचाने का कार्य करती है।
इस आयोजन में विभिन्न विद्यालयों के छात्र, सामाजिक संस्थाएं और भजन मंडलियां भी बड़ी संख्या में शामिल हुईं। यात्रा के दौरान गुरुद्वारा साहिब सहित विभिन्न धार्मिक स्थलों पर श्रद्धालुओं ने माथा टेककर सर्वधर्म समभाव और सामाजिक एकता का संदेश दिया।
अंत में राजीव सूद ने सभी श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में इन आयोजनों में भाग लें और श्रीराम के आदर्शों को अपने जीवन में अपनाएं।
📢
#RamNavami2026 #JaiShriRam #Shimla #ReligiousEvent #ShobhaYatra #HimachalNews #SoodSabha #SpiritualVibes #UnityInDiversity #AdarshHimachal











