आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला। एसजेवीएन लिमिटेड द्वारा रामपुर जलविद्युत स्टेशन में 25वें आंतर-सीपीएसयू कबड्डी टूर्नामेंट का आयोजन किया जा रहा है।
इस अवसर पर एसजेवीएन के अध्यक्ष एवं प्रबंध निदेशक भूपेंद्र गुप्ता ने सभी प्रतिभागी टीमों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खेल टीम-वर्क और संगठनात्मक उत्कृष्टता को बढ़ावा देते हैं, जो आज की कार्य संस्कृति के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
निदेशक (कार्मिक) अजय कुमार शर्मा ने प्रतिभागियों को खेल गतिविधियों में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि स्वस्थ कार्यबल किसी भी संगठन की उत्पादकता का आधार होता है।
वहीं निदेशक (वित्त) पार्थजीत डे ने कहा कि ऐसे खेल आयोजन कर्मचारियों के बीच शारीरिक फिटनेस, टीम भावना और मानसिक स्वास्थ्य को बढ़ावा देते हैं, जिससे उनके कार्य निष्पादन में भी सुधार होता है।
टूर्नामेंट का औपचारिक उद्घाटन रामपुर एचपीएस के परियोजना प्रमुख विकास मारवाह ने पावर स्पोर्ट्स कंट्रोल बोर्ड (PSCB) का ध्वज फहराकर किया। इस अवसर पर एनजेएचपीएस के परियोजना प्रमुख राजीव कपूर सहित वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे।
यह टूर्नामेंट PSCB के तत्वावधान में आयोजित किया जा रहा है, जिसमें एनएचपीसी, पावरग्रिड, केंद्रीय विद्युत प्राधिकरण, ग्रामीण विद्युतीकरण निगम, टीएचडीसी इंडिया लिमिटेड, भाखड़ा ब्यास प्रबंधन बोर्ड तथा मेजबान टीम एसजेवीएन सहित कई केंद्रीय सार्वजनिक उपक्रम भाग ले रहे हैं।
उद्घाटन समारोह की शुरुआत गणेश वंदना से हुई, जिसके बाद हिमाचल की पारंपरिक संस्कृति को दर्शाती पहाड़ी नाटी प्रस्तुत की गई। सभी टीमों द्वारा प्रभावशाली मार्च-पास्ट भी किया गया।
कार्यक्रम में स्थानीय ‘महिला मंडलों’ को भी पारंपरिक उत्पादों और स्थानीय व्यंजनों के प्रदर्शन का अवसर दिया गया, जिससे क्षेत्रीय संस्कृति और आत्मनिर्भरता को बढ़ावा मिला।
टूर्नामेंट के पहले दिन चार लीग मैच खेले गए, जिनमें एसजेवीएन, एनएचपीसी, पावरग्रिड और बीबीएमबी की टीमों ने जीत दर्ज की।
तीन दिवसीय इस टूर्नामेंट का समापन 26 मार्च 2026 को होगा।
📢
#SJVN #KabaddiTournament #CPSU #RampurHPS #HimachalPradesh #SportsEvent #TeamWork #PublicSector #KhelKud #AdarshHimachal











