आदर्श हिमाचल ब्यूरों
रिकांगपिओ। विश्व क्षय रोग दिवस के अवसर पर जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा क्षेत्रीय अस्पताल रिकांग पिओ के सम्मेलन कक्ष में जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में उपायुक्त किन्नौर डॉ. अमित कुमार शर्मा ने मुख्य अतिथि के रूप में शिरकत की।
अपने संबोधन में उपायुक्त ने कहा कि प्रदेश सरकार टीबी उन्मूलन के लिए निरंतर प्रयासरत है। इस दिशा में संवेदनशील वर्गों में नियमित जांच और दुर्गम क्षेत्रों में जागरूकता अभियान चलाए जा रहे हैं, ताकि समाज में इस बीमारी को लेकर व्याप्त सामाजिक कलंक को समाप्त किया जा सके और प्रभावित व्यक्ति निःशुल्क उपचार लेकर सामान्य जीवन जी सकें।
उन्होंने लोगों से अपील की कि क्षय रोग (टीबी) के लक्षण दिखाई देने पर नजदीकी स्वास्थ्य केंद्र में निःशुल्क जांच करवाएं। साथ ही टीबी मुक्त किन्नौर के लिए सामुदायिक भागीदारी को अत्यंत आवश्यक बताते हुए पंचायत स्तर पर जागरूकता बढ़ाने और आशा वर्कर व स्वास्थ्य कर्मियों के योगदान की सराहना की।
इस अवसर पर विभिन्न सरकारी एवं निजी विद्यालयों के छात्रों द्वारा “टीबी मुक्त किन्नौर” थीम पर नारा लेखन और चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। उपायुक्त ने उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभागियों को सम्मानित करते हुए युवाओं से अपने-अपने क्षेत्रों में जागरूकता फैलाने का आह्वान किया।
मुख्य चिकित्सा अधिकारी किन्नौर डॉ. राकेश नेगी ने टीबी उन्मूलन के लिए किए जा रहे प्रयासों की जानकारी दी तथा पंचायत प्रतिनिधियों से सक्रिय सहयोग की अपील की।इस दौरान उपायुक्त ने जनजातीय सलाहकार परिषद के सदस्य एवं निजी चिकित्सक डॉ. सूर्या बोरस नेगी को टीबी उन्मूलन अभियान में उत्कृष्ट कार्य के लिए तीसरी बार सम्मानित किया।
कार्यक्रम में जिला आयुष अधिकारी डॉ. प्रवीण शर्मा, जिला क्षय अधिकारी डॉ. सुधीर नेगी, चिकित्सा विशेषज्ञ डॉ. अविनाश नेगी एवं डॉ. स्वाति नेगी सहित अन्य स्वास्थ्य विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।
📢
#WorldTBDay #TBMuktKinnaur #HealthAwareness #Kinnaur #ReckongPeo #PublicHealth #Janbhagidari #HimachalPradesh #AdarshHimachal #TBFreeIndia











