आदर्श हिमाचल ब्यूरों
शिमला ऑकलैंड हाउस स्कूल तथा हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय के विधि विभाग के छात्र-छात्राओं ने आज हिमाचल प्रदेश विधानसभा सचिवालय पहुंचकर सदन की कार्यवाही का अवलोकन किया।
इस दौरान छात्रों ने कौंसिल चैम्बर के बाहर कुलदीप सिंह पठानिया, अध्यक्ष हिमाचल प्रदेश विधानसभा से मुलाकात की और संसदीय प्रणाली की विस्तृत जानकारी प्राप्त की।
विधानसभा अध्यक्ष ने विद्यार्थियों को देश की लोकतांत्रिक व्यवस्था, लोकसभा, राज्यसभा तथा विधानसभा की कार्यप्रणाली के बारे में विस्तार से बताया। उन्होंने कहा कि बड़े राज्यों में विधान परिषद का भी प्रावधान होता है, जबकि हिमाचल प्रदेश छोटा राज्य होने के कारण यहां विधान परिषद नहीं है।
उन्होंने कहा कि लोकसभा और विधानसभा लोकतंत्र के सबसे बड़े मंदिर हैं। लोकसभा में 543 सदस्य होते हैं, जबकि राज्यसभा में कुल 245 सदस्य होते हैं, जिनमें से 12 सदस्यों को राष्ट्रपति द्वारा मनोनीत किया जाता है। लोकसभा का कार्यकाल 5 वर्ष और राज्यसभा के सदस्यों का कार्यकाल 6 वर्ष होता है।
पठानिया ने बताया कि विधानसभा के सदस्य सीधे जनता द्वारा चुने जाते हैं और बहुमत प्राप्त करने वाला दल सरकार बनाता है। उन्होंने यह भी कहा कि कानून बनाने का अधिकार केवल संसद और विधानसभा के पास होता है।
छात्रों के साथ संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि दिव्यांग बच्चों को भी जल्द ही विधानसभा की कार्यवाही देखने के लिए आमंत्रित किया जाएगा। उन्होंने यह भी उल्लेख किया कि हाल ही में आयोजित बाल सत्र के दौरान छात्रों ने मुख्यमंत्री, मंत्री और स्पीकर की भूमिका प्रभावशाली ढंग से निभाई, जिससे उनकी समझ का स्तर स्पष्ट होता है।
विद्यार्थियों को विधानसभा की कार्यवाही को दर्शक दीर्घा में बैठकर प्रत्यक्ष रूप से देखने का अवसर भी दिया गया, जिससे उन्हें संसदीय प्रक्रिया को करीब से समझने का अनुभव प्राप्त हुआ।
इस अवसर पर केवल सिंह पठानिया, उप-मुख्य सचेतक हिमाचल प्रदेश सरकार भी उपस्थित रहे।
📢
#HimachalVidhanSabha #StudentVisit #Democracy #ParliamentSystem #Shimla #HPU #AucklandHouseSchool #PoliticalAwareness #HimachalPradesh #AdarshHimachal











