आदर्श हिमाचल ब्यूरों
चंबा।एनसीसी 9 एचपी बटालियन, डलहौजी में आज ग्रुप कमांडर ब्रिगेडियर हरप्रीत सिंह ने यूनिट का औपचारिक दौरा एवं निरीक्षण किया। इस अवसर पर अर्नी विश्वविद्यालय के सीनियर डिवीजन कैडेट्स द्वारा उन्हें आकर्षक गार्ड ऑफ ऑनर प्रदान किया गया, जो कैडेट्स के अनुशासन, समर्पण और उत्कृष्ट प्रशिक्षण का प्रतीक रहा।
कार्यक्रम का शुभारंभ कमांडिंग ऑफिसर कर्नल जे.एस. कौशल द्वारा यूनिट की विस्तृत ब्रीफिंग से हुआ। उन्होंने एनसीसी की भूमिका, उपलब्धियों तथा चंबा जिले के दुर्गम क्षेत्रों—भरमौर, तीसा, चंबा, ककीरा, इंदौरा एवं नूरपुर—में संचालित गतिविधियों की जानकारी दी।
उन्होंने बताया कि एनसीसी के माध्यम से युवाओं को सैन्य प्रशिक्षण के साथ-साथ अनुशासन, नेतृत्व क्षमता और राष्ट्र सेवा की भावना से सशक्त बनाया जा रहा है।
इस दौरान विभिन्न एएनओ द्वारा विद्यालय स्तर पर संचालित प्रशिक्षण एवं उपलब्धियों पर प्रस्तुतियां दी गईं।
ब्रिगेडियर हरप्रीत सिंह ने कैडेट्स के उत्कृष्ट प्रदर्शन की सराहना करते हुए उन्हें सम्मानित किया तथा परेड का निरीक्षण किया।अपने संबोधन में उन्होंने अनुशासन, समर्पण, नेतृत्व एवं राष्ट्रभक्ति जैसे सैन्य मूल्यों पर बल देते हुए कहा कि एनसीसी युवाओं के सर्वांगीण विकास का सशक्त माध्यम है।
उन्होंने पीआई स्टाफ को निर्देश दिए कि प्रशिक्षण में गुणवत्ता, कठोरता एवं व्यावहारिकता सुनिश्चित की जाए, ताकि कैडेट्स भविष्य की चुनौतियों के लिए पूर्णतः तैयार हो सकें। साथ ही उन्होंने आपदा प्रबंधन एवं जीवन कौशल आधारित प्रशिक्षण को और सुदृढ़ करने पर जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान तीन एएनओ—सेफाली (विजय मेमोरियल स्कूल), सुनील कुमार (राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, डलहौजी) एवं नरेश (केन्द्रीय विद्यालय, चमेरा)—को सेकंड ऑफिसर के पद पर पदोन्नत किया गया। अर्नी विश्वविद्यालय के एसडी लेफ्टिनेंट रोहित कुमार भी इस अवसर पर उपस्थित रहे।
इस मौके पर कर्नल जे.एस. कौशल, प्रशासनिक कर्नल बी.जे.एस. सिंधु, सूबेदार जोगिंदर, सूबेदार सुरिंदर, हवलदार राजिंदर कुमार सहित समस्त पीआई स्टाफ उपस्थित रहा।
समापन पर ब्रिगेडियर हरप्रीत सिंह ने यूनिट के अनुशासन, समर्पण एवं उत्कृष्ट कार्यों की सराहना करते हुए विश्वास व्यक्त किया कि एनसीसी 9 एचपी बटालियन भविष्य में भी नए कीर्तिमान स्थापित करती रहेगी।
🔖
#NCC #IndianArmy #Chamba #Dalhousie #HimachalPradesh #YouthDevelopment #Discipline #Leadership #NationFirst #Cadets #Training #Inspiration #NCCIndia #Defense #PrideOfIndia











